Tuesday Nov 10, 2026

भागवत कथा (बातों-बातों में):26 का उत्तराखंड

भगवत प्रसाद पाण्डेय*

उत्तराखंड राज्य बने आज 26 साल हो गए। बचपन में इसे 'ऊर्जा प्रदेश' कहा गया, लेकिन इसकी ऊर्जा हर क्षेत्र से गायब होती चली गई। इन 26 वर्षों में त राज्य को एक स्थायी घर (राजधानी) तक नसीब नहीं हो पाया। गैरसैंण और देहरादून के बीच ठंडी-गर्म राजधानी की बहस में इतना वक्त बर्बाद हो गया कि राज्य के कई दूसरे जरूरी मुद्दे पीछे छूट गए।

चुनाव होते रहे। लोगों को मीठी-मीठी बातों से खुश करने के प्रयास होते रहे। राज्य की सरकारें बदलीं, मुख्यमंत्री बदले, मंत्री आए और गए। अफसरों की मलाईदार कुर्सियाँ बदलीं। विकास के नारे और योजनाओं के नाम बदले। कई नेताओं ने हवा का रुख देखकर दल बदल डाले तो कुछ अधिकारियों ने अपनी निष्ठा और कार्यशैली ही बदल डाली।

 

स्कूलों के छात्र शिक्षकों की राह देख रहे हैं, अस्पतालों के मरीज चिकित्सा सुविधा की, सड़कों पर खड़े मुसाफिर रोडवेज की गाड़ियों की, नलों की टोटियों के आगे रखे बर्तन पानी की एक बूँद की और गाँव का किसान 'गुनी-बानरों' से निजात पाने की। यानी जिस कल्पना और उम्मीद के साथ अलग राज्य की माँग उठी थी, वह आज भी अधूरी है। पहाड़ों के गाँवों से पलायन भी नहीं रुका।

हाँ, इस अवधि में सरकारी धन, जमीन-जायदाद आदि की लूट के मामले खबरों में जरूर बने रहे। इन अनियमितताओं में कभी नेताओं तो कभी अधिकारियों के नाम सामने आते रहे। रोजगार की आस लगाए युवाओं की प्रतियोगी परीक्षाओं में भी बड़े-बड़े डाके पड़े। प्राकृतिक संसाधनों से लेकर सरकारी खजाने तक, जिसे जहाँ और जैसे मौका मिला, उसने हाथ साफ किया। हाथ की सफाई में कुछ लोग पकड़े गए तो कुछ सब कुछ हजम करके भी ईमानदारी का चोला पहने नजर आए।

लोग 'बातों-बातों में' कहते हैं कि मुगलों और अंग्रेजों ने भारत को लूटा होगा, लेकिन इस देवभूमि को पिछले 26 वर्षों में कई बहुरूपियों ने जमकर लूटा है। इस लूट में नेता और अफसर दोनों की भूमिका समय-समय पर चर्चा में रही है। ऐसे में इस लुटते-पिटते राज्य को स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ दें भी तो किस मुँह से और किसे दें?

आखिर उत्तराखंड किसी नेता, अधिकारी या सरकार की जागीर नहीं, यहाँ के लोगों का अपना राज्य है। इसकी दुर्दशा पर सवाल उठाना और इसकी चिंता करना भी यहीं के लोगों की जिम्मेदारी है। राज्य की स्थापना का सपना देखने वालों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम इसके हालात पर सवाल उठाएँ और बेहतर उत्तराखंड की उम्मीद जिंदा रखें। खैर, बाहर से देखने में तो अपना राज्य अच्छा ही लगता है। भीतर की हालत जानने के लिए यहाँ रहना पड़ता है।

*पाटन पाटनी (लोहाघाट)

(लेखक साहित्यकार और राजस्व विभाग उत्तराखंड से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं)






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.