कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा ने सरकार पर कई तीखे आरोप लगाए
प्रतिपक्ष के नेता यशपाल आर्य और उप नेता भुवन कापड़ी सहित कांग्रेस के कई नेताओं ने लगाए कई आरोप
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तराखंड राज्य का बेड़ा गर्क कर दिया है। टनकपुर के कांंग्रेस कार्यालय में हुई पार्टी कार्यकर्ताओं की आज 17 नवंबर को हुई बैठक में उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है, राज्य की कानून व्यवस्था चरमरा गई है, भू-माफिया हावी है। कार्यकर्ताओं से एकजुटता के साथ चुनाव में तैयारी करने का आह्वान करते हुए उन्होंने दावा किया कि इस बार प्रदेश के लोग भाजपा की सरकार को उखाड़ने जा रहे हैं। कांग्रेस चंपावत जिले की दोनों विधानसभा सीटों पर परचम लहराएगी।
प्रदेश प्रभारी ने कहा कि अंकिता हत्याकांड में जिन लोगों का नाम आया है, भाजपा ने उन्हें राजभवन में भेज दिया है। भाजपा सरकार जनता की आवाज नहीं सुन रही है। बेराजगारी चरम पर है और गांवों से तेजी से पलायन हो रहा है। उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों के कई गांव खाली होकर भूतिया गांव बन गए हैं। कुमारी शैलजा ने मुख्यमंत्री पुकर सिंह धामी पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री को उनके गृह क्षेत्र खटीमा में जैसी पटखनी मिली थी, वैसी ही पटखनी इस बार चंपावत की जनता देने जा रही है।



विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता यशपाल आर्य ने कहा कि इस बार जनता ने कांग्रेस को राज्य की बागडोर देने का मन बना लिया है। उन्होंने सरकार पर बुल्डोजर चलाकर गरीबों का घर उजाडऩे का आरोप लगाया। विधानसभा में उप नेता भुवन कापड़ी ने कहा कि भाजपा सरकार जल, जंगल, जमीन बेच रही है। लगातर पेपर लीक जैसी घटनाएं होने से युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। उत्तराखंड में जो भी कार्य हो रहे हैं, उन्हें बाहरी ठेकेदारों से कराया जा रहा है। चुनाव प्रचार कमेटी सदस्य करन मेहरा ने कहा कि प्रदेश की जनता ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का बदला लेने का मन बना लिया है। उन्होंने सरकार को भ्रष्टाचार में लिप्त बताया। पूर्व विधायक हमेश खर्कवाल ने दावा किया कि उनके कार्यकाल में चंपावत विधानसभा का जितना विकास हुआ है, उसका आधा भी मुख्यमंत्री नहीं कर पाए हैं। इस दौरान चुनाव प्रचार कमेटी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, प्रदेश सचिव सतीश पांडेय, नानकमत्ता के विधायक गोपाल सिंह राणा, पूर्व जिलाध्यक्ष निर्मला गहतोड़ी, उमेश शर्मा, विपिन जोशी, नीरज वर्मा, मनोज यादव, राजेंद्र पाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल, गणेश सामंत, दिग्विजय, नीरज पांडेय, श्याम कुमार आदि मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.