चंपावत में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में केंद्रीय
राज्य मंत्री ने केंद्र पोषित योजनाओंं की समीक्षा की
गुणवत्ता, समयबद्धता और पारदर्शिता से काम करने की दिए निर्देश
मडुवा, लाल धान की खेती को बढ़ावा देने को कहा
देवभूमि टुडे
चंपावत। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री और अल्मोड़ा के सांसद अजय टम्टा ने कहा कि सभी सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए अधिकारी पारदर्शिता और प्रभावशीलता के साथ काम करें। केंद्र पोषित योजनाओं के प्रभावी क्रियांवयन एवं समग्र विकास कार्यों की समीक्षा के लिए आज 20 अप्रैल को कलक्ट्रेट में हुई दिशा (जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति) की बैठक में उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर हर घर तक जल पहुंचाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जिले में संचालित विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी।




पिछले साल 17 अक्टूबर को हुई बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की। मंत्री ने ताड़केश्वर क्षेत्र में शवदाह गृह एवं टाल विकास कार्यों को शीघ्र पूरा करने, जिले में मडुवा, लाल धान सहित अन्य उत्पादों को बढ़ावा देने और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के फेज-3 के अंतर्गत लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सभी अधिशासी अधिकारियों एवं जल निगम को जिले में सेप्टिक टैंक एवं खुले आउटलेट की स्थिति का सर्वे कर ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा। मंत्री अजय टम्टा ने जी राम जी (मनरेगा) योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने नई गाइडलाइन के अनुरूप कार्य करने को कहा गया। वाइब्रेंट विलेज योजना के अंतर्गत चयनित सभी गांवों में कार्योंं की प्रगति की जानकारी ली साथ ही विद्युत विभाग को निर्देशित करते हुए उन्होंने जिले के सभी शेष तोकों तक शीघ्र विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य शिक्षाधिकारी को शिक्षकों के नियमित प्रशिक्षण, क्षमता विकास एवं प्रेरणा कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश दिए। कृषि विभाग को तारबाड़, घास कटर एवं पावर वीडर जैसे उपकरणों को बढ़ावा देने तथा महिला किसानों को विशेष रूप से लाभांवित करने और पशुपालन विभाग को बद्री गाय के साथ-साथ रेड सिंधी नस्ल के संवर्धन के लिए वैज्ञानिक पद्धति अपनाने को कहा गया।
सड़क कनेक्टिविटी की समीक्षा के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-09 के स्वांला क्षेत्र में हो रहे भू-धंसाव के स्थाई समाधान के लिए समन्वित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही बरसात से पूर्व संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षात्मक कार्य पूर्ण करने एवं वैकल्पिक मार्गोंं के सर्वेक्षण को प्राथमिकता देने को कहा। JJM (जल जीवन मिशन) के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए थर्ड पार्टी निरीक्षण पर जोर दिया गया। साथ ही जल स्रोतों के संरक्षण के लिए सारा योजना के अंतर्गत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं रखी। जिन पर मंत्री द्वारा संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए।
मौजूद थे ये जन प्रतिनिधि और अधिकारी:
लोहाघाट के विधायक खुशाल सिंह अधिकारी, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, दर्जा मंत्री श्याम नारायण पांडेय व हेमा जोशी, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, एसपी रेखा यादव, सीडीओ डॉ. जीएस खाती, सहायक परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, जिला विकास अधिकारी दिनेश सिंह डिगारी सहित अन्य अधिकारी एवं जन प्रतिनिधि।
© 2026. All Rights Reserved.