14 जून को होगी UKSSSC की CGL परीक्षा
10 केंद्रों में चंपावत जिले के 3417 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
21 सितंबर 2025 को पेपर लीक के आरोपों के बाद निरस्त हुई थी परीक्षा
अभ्यर्थियों को रोडवेज बसों में आवाजाही की निशुल्क सुविधा
देवभूमि टुडे
चंपावत। 21 सितंबर 2025 को CGL (संयुक्त स्नातक स्तरीय) की परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों का इंतजार अब खत्म हो रहा है। पेपर लीक के आरोपों के बीच छात्रों के विरोध के बाद तब परीक्षा निरस्त कर दी गई थी। और मामले की CBI जांच चल रही है। पिछले साल 21 सितंबर को 12 केंद्रों में हुई परीक्षा में 3417 अभ्यर्थियों में से चंपावत जिले में 2485 ने इम्तिहान दिया था। 265 दिन बाद कल 14 जून को ये इम्तिहान दुबारा होगा। अभ्यर्थियों को रोडवेज बसों में आवाजाही की निशुल्क सुविधा होगी। इसके लिए उन्हें प्रवेश पत्र दिखाना होगा।
UKSSSC (उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग) द्वारा ली जाने वाली CGL परीक्षा कल 14 जून को पूर्वान्ह 11 बजे से अपरान्ह 1 बजे तक होगी। चंपावत जिले के दो शहरों में कुल 10 केेंद्रों में 3417 अभ्यर्थी ये इम्तिहान देंगे। मुख्य शिक्षाधिकारी मान सिंह ने बताया कि इस बार परीक्षा केंद्र सभी राजकीय विद्यालयों में बनाए गए हैं। निष्पक्ष और नकल रहित परीक्षा के पुख्त प्रबंध किए गए हैं। एसडीएम, सीईओ, पुलिस अधिकारियों सहित अन्य अधिकारियों ने परीक्षा से एक दिन पूर्व आज 13 जून को विभिन्न परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
इन 10 केंद्रों में होगा इम्तिहान:
चंपावत: जवाहर नवोदय विद्यालय, जीजीआईसी, जीआईसी और सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय कैंपस।
लोहाघाट: जीजीआईसी, जीआईसी, राजकीय पीजी कॉलेज, राजीव नवोदय विद्यालय, डायट और राजकीय पॉलीटेक्रिक।
नकल रहित परीक्षा के लिए उठाए गए हैं ये कदम:
1.सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास BNS की धारा 163 (निषेधाज्ञा) लगाई गई है।
2.सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के लिए जैमर लगाए जाएंगे। CCTV कैमरों से परीक्षा केंद्र की निगरानी और अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति के साथ ही चेकिंग की अनिवार्यता भी की गई है।
3.SOP (मानक संचालन प्रक्रिया) के तहत सुरक्षा, पारदर्शिता और निगरानी के प्रावधानों को लागू किया गया है।
© 2026. All Rights Reserved.