Thursday Jul 16, 2026

उत्तराखंड क्रांति दल के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष दरबान सिंह रजवार की दोनों दलों को चुनौती

कांग्रेस एवं भाजपा जनता को चुनावों में बरगलाने के साथ लोगों की समस्याओं के समाधान के बजाय गैर जरूरी मुद्दों पर उलझा रहे

देवभूमि टुडे

चंपावत/लोहाघाट। UKD (उत्तराखंड क्रांति दल) के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष दरबान सिंह रजवार ने लोहाघाट से कांग्रेस और भाजपा के विधायक रहे नेताओं से अपने-अपने कार्यकाल में विकास का हिसाब मांगा है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों पार्टियों से विधायक बने नेताओं ने जनता की अनदेखी की है। कहा कि लोहाघाट सहित क्षेत्र के ज्यादातर हिस्सों में पानी की घनघोर किल्लत है। लेकिन कांग्रेस-भाजपा से विधायक बने नेताओं ने पेयजल की समस्या का अब तक समाधान नहीं कराया। रजवार ने कहा कि सेहत, पढ़ाई, रोजगार, गांवों से पलायन, बिजली के स्मार्ट मीटर को लेकर उठ रही भ्रांति जैसे अनेकों जरूरी विषयों पर ये दल बात नहीं करते हैं।

UKD नेता दरबान सिंह रजवार।

UKD नेता ने कहा कि कांग्रेस एवं भाजपा जनता को चुनावों में बरगलाने के लिए लोगो की समस्याओं और उनके समाधान के बजाय गैर जरूरी मुद्दों पर उलझा रही है। अक्टूबर 2013 में तत्कालीन CM विजय बहुगुणा ने लोहाघाट में विधि संकाय का ऐलान किया था, लेकिन घोषणा के बाद क्या हुआ, आज तक किसी को पता नहीं। कहा कि शीलगांव, गोलडंडा सहित कई गांवो में रोड जैसी बुनियादी सुविधा नहीं है।

रजवार ने आरोप लगाया कि लोहाघाट क्षेत्र में विकास के बड़े-बड़े ऐलान तो खूब हुए, लेकिन काम जमीन में कहीं नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि 10 साल BJP और 15 साल कांग्रेस के विधायक रहे, लेकिन क्षेत्र की समस्याओं की सुध नहीं ली गई। रजवार ने मौजूदा और पूर्व विधायक को अपनी-अपनी उपलब्धियां जनता के बीच रखने की चुनौती दी। UKD नेता ने दावा किया कि UKD पहाड़ के हर वर्ग की आवाज को उठाने के साथ बदलाव के लिए काम करेगी।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.