Monday Jun 1, 2026

मानसिक रूप से प्रताड़ित करने, साहबर ठगी सहित आत्महत्या के लिए उकसाने वाले गिरोह के 2 सदस्य बनबसा पुलिस ने गिरफ्तार किए

देवभूमि टुडे

चंपावत/बनबसा। शक्तिवर्धक दवाइयों का झांसा देकर एक युवक को ब्लैकमेल करने, ₹1.87 लाख की साइबर ठगी करने और आत्महत्या के लिए उकसाने वाले गिरोह के 2 आरोपितों को बनबसा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दबोचे गए दोनों आरोपित मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं।

24 मई को दुर्जन लाल की दी गई तहरीर के मुताबिक अनजाने साइबर ठगों ने उनके पुत्र को शक्तिवर्धक दवाइयों का प्रलोभन देकर अपने जाल में फंसाया । इसके बाद उसकी अश्लील तस्वीरें/सामग्री प्राप्त कर उसे ब्लैकमेल किया। लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हुए आत्महत्या के लिए उकसाया। साथ ही धोखाधड़ी कर विभिन्न माध्यमों से कुल ₹1.87 लाख रुपये भी ठग लिए। 

तहरीर के आधार पर बनबसा थाने में आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। आज 1 जून को थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह कोरंगा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदिग्धों की तलाश करते हुए धनुषपुल से सोनियानाला मार्ग के पास दो लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने पकड़े गए दोनों आरोपितों महेंद्र सिंह चितौड़िया निवासी धर्मपुरा, जिला शिवपुरी, शिवा सिंह चितौडिया निवासी बेंहाता, शिवपुरी, मध्य प्रदेश के खिलाफ धारा BNS की धारा 108/308(2) /61(2) की बढ़ोतरी की गई। इस मामले में प्रकाश में आए एक अन्य आरोपित अनिल मोगिया की तलाश है। पुलिस टीम मे उप निरीक्षक नरेश सिंह मेहरा, धीरेंद्र सिंह बिष्ट, हेड कांस्टेबल संजय शर्मा, कांस्टेबल विजय शंकर, जगदीश कन्याल, गिरीश भट्ट आदि शामिल थे।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.