चंपावत में भाजपा कार्यालय में दी गई श्रद्धांजलि
2 बार मुख्यमंत्री रहने के अलावा 5 बार सांसद और केंद्र में मंत्री के रूप में दी थीं सेवाएं
मेजर जनरल खंडूरी का 19 मई को 91 साल की उम्र में निधन हुआ था
देवभूमि टुडे
चंपावत। उत्तराखंड के दो बार मुख्यमंत्री रहे मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूरी को आज 20 मई को हरिद्वार स्थित खडख़ड़ी श्मशान घाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर सहित प्रदेश सरकार के मंत्री, तमाम वरिष्ठ नेताओं ने अंतिम विदाई दी। मेजर जनरल खंडूरी का कल 19 मई को 91 साल की उम्र में निधन हो गया था। प्रदेश सरकार ने उनके निधन पर 3 दिन का राजकीय शोक घोषित किया है।

चंपावत में कल मंगलवार को भाजपा के जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत की अध्यक्षता में हुई शोक सभा में दिवंगत भुवन चंद्र खंडूरी को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। कहा कि जनरल खंडूरी न केवल कड़क प्रशासक और पार्टी के निष्ठावान सिपाही थे, बल्कि आम लोगों के बीच भी खासे लोकप्रिय थे। शोकसभा में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, दर्जा मंत्री श्याम नारायण पांडेय व मुकेश महराना, भाजपा के वरिष्ठ नेता एडवोकेट शंकर दत्त पांडेय, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतीश पांडेय, सुनील पुनेठा, प्रकाश बिनवाल, गौरव पांडेय, राजेश बिष्ट, राजू गड़कोटी सहित कई भाजपा नेता शामिल थे। मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूरी उत्तराखंड में 2007 से 2009 और अक्टूबर 2011 से मार्च 2012 तक मुख्यमंत्री रहे। दिवंगत खंडूरी 5 बार सांसद रहने के अलावा अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में केंद्रीय मंत्री भी रहे हैं।


© 2026. All Rights Reserved.