Wednesday Apr 15, 2026

रोड हादसे में जख्मी दो सब्जी वालों में से एक को निजी अस्पताल में कराना पड़ा एक्सरे

सितारगंज-टनकपुर रोड में 13 अप्रैल की रात एक डंपर की चपेट में आने से घायल हुए थे दो लोग

देवभूमि टुडे

चंपावत/टनकपुर। चंपावत जिले की सेहत को संवारने के लिए MRI (मैग्रेटिक रेजोनेंस इमेजिंग) मशीन लग रही है। DM मनीष कुमार के प्रयासों से कुमाऊं के पहले सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में CSR (कॉर्पोरेट सोशियल रिस्पांसिबिलटी) से चंपावत के क्रिटिकल केयर ब्लॉक में इस मशीन को लगाया जा रहा है। लेकिन दूसरी ओर चंपावत जिले के मैदानी क्षेत्र के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में इमरजेंसी में एक अदद एक्सरे की सुविधा नहीं मिल पा रही है। डंपर की चपेट में आने से जख्मी हुए उत्तर प्रदेश के दो लोगों में से एक को इसी अव्यवस्था की वजह से निजी अस्पताल में एक्सरे कराने को मजबूर होना पड़ा।

 

सितारगंज-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कल 13 अप्रैल की रात करीब 8 बजे सब्जी बेचकर अपने घर बिचई जा रहे दो (अशोक मौर्य (32) पुत्र रामभरोसे और कुंवर पाल मौर्य (45) पुत्र जीवन दोनों निवासी उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के बिलासपुर) सब्जी विक्रेताओं को डंपर ने टक्कर मार दी। दोनों सब्जी विक्रेता बिचई में किराए में खेत लेकर सब्जी का उत्पादन करते हैं। टक्कर से दोनों सब्जी विक्रेता घायल हो गए। दोनों चोटिल लोगों को टनकपुर के उप जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर और अन्य चिकित्सा स्टाफ ने इलाज किया। चोट के चलते कुंवर पाल मौर्य का एक्सरे होना था। लेकिन आज 14 अप्रैल को आंबेडकर जयंती की छुट्टी होने से OPD बंद थी। इस वजह से उप जिला अस्पताल में एक्सरे नहीं हो सका। और कुंवर पाल को निजी अस्पताल में एक्सरे कराने को मजबूर होना पड़ा।

'न एक्सरे की जरूरत थी और न बाहर से एक्सरे कराया गया'

चंपावत। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान का कहना है कि टनकपुर सहित चंपावत जिले के सभी बड़े अस्पतालों में OPD के अलावा इमरजेंसी में एक्सरे की सुविधा है। टनकपुर उप जिला अस्पताल में एक्सरे नहीं होने की जानकारी लगने पर उन्होंने इमरजेंसी में तैनात स्टाफ से बात की। बकौल CMO स्टाफ ने उन्हें बताया कि न तो एक्सरे की जरूरत थी और नहीं बाहर से एक्सरे कराया गया है।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.