आश्वासन के बाद रोडवेज कर्मियों ने वापस लिया आंदोलन
नियमितिकरण, मानदेय, बस बेड़े में इजाफा सहित कई मांगों को लेकर 24 अक्टूबर से हो रहा था आंदोलन
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के बाद अब उत्तरांचल परिवहन मजदूर संघ का आंदोलन भी स्थगित हो गया है। आज 2 नवंबर की अपराह्न विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार ने धरना स्थल पर पहुंचकर आश्वासन दिया। कहा कि बीते दिवस मजदूर संघ के पदाधिकारियों की परिवहन मंत्री से वार्ता हुई थी, जिसमें मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया गया है। साथ ही CM कैंप कार्यालय ने भी इस संबंध में पत्राचार किया है। इस आश्वासन के बाद मजदूर संघ प्रांतीय अध्यक्ष देवेंद्र मिश्रा ने आंदोलन खत्म करने का ऐलान किया।

नियमितिकरण, मानदेय, बस बेड़े में इजाफा सहित कई मांगों को लेकर कर्मी 24 अक्टूबर से टनकपुर के निर्माणाधीर ISBT में धरना दे रहे थे। संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष दीपचंद शाह ने कहा कि परिवहन मंत्री और मुख्यमंत्री की ओर से मिले आश्वासन के बाद फिलहाल आंदोलन स्थगित किया गया है। यदि निर्धारित समय में मांगों पर कार्रवाई नहीं होती है, तो संघ दोबारा बैठक कर आगे की आंदोलन की रणनीति तय करेगा।
ये थी कर्मियों की प्रमुख मांगें:
1.संविदा विशेष श्रेणी कर्मचारियों का नियमितिकरण।
2.सभी कर्मचारियों को समान काम का समान वेतन दिया जाए।
3.रोडवेज के बस बेड़े में नई बसों को शामिल किया जाए।
4.कर्मियों को नियमित रूप से समय पर वेतन दिया जाए।
© 2026. All Rights Reserved.