Monday Sep 28, 2026

लगातार बारिश से चंपावत जिले की चार सड़कें बंद

पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा 160 मिलीमीटर बारिश चंपावत में

देवभूमि टुडे

चंपावत। चंपावत में बीते 36 घंटे से अनवरत बारिश हो रही है। बारिश के बाद आए मलबे से जिले की 4 सड़कें बंद हैं। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग सहित 2 NH पर भी आवागमन थम गए हैं। तल्लादेश को जाने वाली सड़क भी बंद है। सीमांत तल्लादेश क्षेत्र में बिजली आपूर्ति भी ठप है। डीएम मनीष कुमार ने सभी विभागों को मुस्तैद रहने के निर्देश देने के साथ बंद रोडों को खोलने एवं बिजली आपूर्ति सुचारू करने की हिदायत दी है।

चंपावत जिले के अधिकांश क्षेत्रों में 25 सितंबर से अनवरत बारिश हो रही है। बारिश ने आम जन जीवन को प्रभावित किया है। सबसे ज्यादा 160 मिलीमीटर बारिश चंपावत में हुई है। बारिश से टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग (सिंग्दा लीसा डिपो के पास) और राष्ट्रीय राजमार्ग 309 A घाट-पनार के पास मलबा आने से बंद हैं। वहीं 2 राज्य राजमार्ग सीमांत चंपावत-मंच-तामली पर कठाड के पास और बाराकोट-सिमलखेत सड़क पर भी कुछ जगह मलबा आया है।

लोनिवि के चंपावत खंड के अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल के मुताबिक CMT रोड खोलने के लिए जेसीबी लगाई गई है। अन्य रोडों के मलबे को हटाने के लिए भी विभाग कवायद कर रहा है। आवाजाही ही नहीं बिजली व्यवस्था में भी मार पड़ी है। सीमांत मंच-तामली क्षेत्र में 11 केवी लाइन को नुकसान होने से 10 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप है।

 

250 श्रद्धालुओं ने किए देवी दर्शन:

वहीं बारिश के बावजूद बीते 24 घंटों में 250 श्रद्धालुओं ने पूर्णागिरी देवी के दर्शन किए हैं। अलबत्ता सुरक्षा के मद्देनजर मुख्य मंदिर के बजाय काली मंदिर के पास देवी दर्शन कराए जा रहे हैं। मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी ने बताया कि मुख्य मंदिर को जाने वाले रास्ते में पहाड़ी से पत्थर लुढ़कने के अंदेशे और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत ये निर्णय लिया गया है।

चंपावत जिले में बारिश का आंकड़ा: (27 सितंबर सुबह 8 बजे तक)

चंपावत: 160 मिलीमीटर

लोहाघाट: 063 मिलीमीटर

पाटी:      042 मिलीमीटर

टनकपुर: 095 मिलीमीटर

बनबसा: 078 मिलीमीटर

 






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.