मां पूर्णागिरी क्षेत्र में हनुमानचट्टी पर दिनदहाड़े हाथी की दस्तक
दुकानदारों ने भागकर बचाई जान, सोमवार की रात उचौलीगोठ में भी दिखा था हाथी
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। पूर्णागिरि मार्ग से लगे उचौलीगोठ, गैडाखाली और थ्वालखेड़ा के बाद अब हाथी की धमक पूर्णागिरि धाम के पास हनुमान चट्टी में भी शुरू हो गई है। आज 28 अप्रैल की सुबह करीब 10 बजे विशालकाय हाथी हनुमान चट्टी में सड़क पार करता हुए दिखाई दिया। गजराज को देखते हुए मां पूर्णागिरि मेले में आए श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया।
हाथी सड़क किनारे बनी दुकानों तक पहुंच गया, जिससे घबराए दुकानदार दुकान छोड़कर भाग निकले। अफरातफरी देख घटना स्थल से दूर दुकान लगा रहे दुकानदारों ने घटना की जानकारी बूम रेंज को दी। जिसके बाद वन दारोगा भरत बिष्ट के नेतृत्व में पहुंची टीम ने हाथी को ठुलीगाड़ की तरफ जंगल में खदेड़ा। हाथी के जंगल की ओर भागने के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। इस दौरान कई श्रद्धालुओं ने हाथी का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया में वायरल कर दिया। उचौलीगोठ के ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार की रात हाथी उचौलीगोठ में लगी पानी की टंकी के पास पहुंचा और पानी पीने के बाद जंगल की ओर चला गया। बताया कि हाथी लगातार पूर्णागिरि मार्ग पर विचरण कर रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को भी खतरा उत्पन्न हो गया है। लोगों ने वन विभाग से श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों की सुरक्षा को देखते हुए रात में भी गश्त करने की मांग की है।
वन क्षेत्राधिकारी गुलजार हुसैन के मुताबिक मंगलवार सुबह हाथी के हनुमानचट्टी के पास आने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर वन विभाग की टीम ने हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा। हाथी से तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के लिए गश्त बढ़ा दी गई है। श्रद्धालुओं को भी जागरूक किया जा रहा है।
© 2026. All Rights Reserved.