स्वांला क्षेत्र में चल रहे सुधारात्मक कार्य के चलते लगाया गया है प्रतिबंध
DM मनीष कुमार ने जारी किया आदेश
सिर्फ एंबुलेंस की हो सकेगी आवाजाही
देवभूमि टुडे
चंपावत। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर टनकपुर-चंपावत के हिस्से में 13 अप्रैल से 15 अप्रैल रात के वक्त वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। ये प्रतिबंध NH पर चंपावत से करीब 22 किलोमीटर दूर स्वांला क्षेत्र में चल रहे सुधारात्मक कार्य के चलते लगाया गया है। रात के प्रतिबंध से संबंधित आदेश जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष DM मनीष कुमार ने जारी किया है।

बताया गया है कि NH पर स्वांला भू-स्खलन प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा की दृष्टि से ट्रीटमेंट कार्य चल रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग खंड लोहाघाट डिवीजन के अधिशासी अभियंता दीपक जोशी ने बताया कि हिल साइड को स्थिर करने के लिए कुल 5 बेंच निर्माण में से 3 पूरे हो चुके हैं। चौथी बेंच पर सीसी क्लैडिंग वॉल का निर्माण चल रहा है। इस काम को इस महीने के अंत तक पूरा किया जाना है।
ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए DM ने 13 अप्रैल (सोमवार) से 15 अप्रैल (बुधवार) तक रात 8:00 बजे से सुबह 6:00 बजे तक स्वांला क्षेत्र में यातायात प्रतिबंधित रखा गया है। प्रतिबंध की अवधि में सिर्फ आपातकालीन परिस्थितियों में एंबुलेंस को ही आवागमन की अनुमति दी जाएगी। DM ने संबंधित SDM और पुलिस विभाग को प्रतिबंध का कड़ाई से अनुपालन करने के निर्देश दिए हैं। ताकि आम नागरिकों की हिफाजत के साथ निर्माण कार्य बिना किसी अवरोध के समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।
© 2026. All Rights Reserved.