Thursday Sep 17, 2026

चंपावत जिले के टनकपुर सैलानीगोठ में मकान की ग्रिल काटी और नकदी और जेवरात ले उड़े चोर

गृह स्वामी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने की हो रही है कार्रवाई

देवभूमि टुडे

चंपावत/टनकपुर। चंपावत जिले के मैदानी क्षेत्र टनकपुर के पास के एक गांव में एक पूर्व सैनिक के घर में चोरों ने धावा बोल नकदी और लाखों रुपये के जेवरात उड़ा लिए। वाकये की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौका मुआयाना किया। तहरीर के आधार पर टनकपुर कोतवाली पुलिस मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है। चोरी के इस वाकये से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

जानकारी के मुताबिक बीती रात सैलानीगोठ में आर्मी क्षेत्र से कुछ दूरी पर पूर्व फौजी सूबेदार बसंत राम के घर में चोरों ने धावा बोला। इसी दौरान चोरों ने खिड़की की ग्रिल को काटा और भीतर दाखिल हुए। पूर्व फौजी अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे, लेकिन चोरों की इस हरकत की उन्हें कानों-कान भनक तक नहीं लगी। प्रभावित परिवार के मुताबिक चारों ने घर के भीतर का सामान टटोला और फिर अल्मारी से नकदी और जेवरात ले उड़े। बताया गया कि 1 लाख रुपये की नकद रकम के अलावा पत्नी, बहूू और बेटी के आभूषण चुरा लिया। गृह स्वामी को अंदेशा है कि चोर जंगल की ओर से रेलवे पटरी के रास्ते उनके घर तक पहुंचे हो सकते हैं। और वारदात को अंजाम देने के बाद संभवत: इसी रास्ते से फरार भी हो गए हो। घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाल चेतन रावत, मनिहारगोठ चौकी के प्रभारी तेज कुमार सहित पुलिस टीम ने मौका मुआयना किया।

इस घर में हुई चोरी।

 

 

पुलिस का अब तक का ये है एक्शन:

सैलानीगोठ क्षेत्र में पूर्व सैनिक बसंत राम के घर में हुई चोरी की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने बृहस्पतिवार सुबह मौका मुआयना किया। नकदी और जेवरात की चोरी हुई है। घटना स्थल का बारीकी से परीक्षण करने के साथ ही घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी भी खंगालने के साथ ही इस घटना में शामिल लोगों को पकड़ने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। पूरे मामले की जानकारी ले जांच शुरू की गई है। महिनहारगोठ चौकी के प्रभारी तेज कुमार को जांच अधिकारी बनाया गया है। पूर्व फौजी बसंत राम की तहरीर के आधार पर पुलिस भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के अंतर्गत मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है।

चेतन रावत,

प्रभारी निरीक्षक, टनकपुर कोतवाली।






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.