Wednesday Apr 22, 2026

पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल के चचेरे भाई 83 साल के अंबादत्त खर्कवाल की कल हुई थी हत्या

हत्या का आरोपी सुभाष खर्कवाल जेल भेजा गया 

देवभूमि टुडे

चंपावत। चंपावत के सनिया गांव में फावड़े से हमला कर मौत के घाट उतारे गए 83 साल के बुजुर्ग अंबादत्त खर्कवाल का पोस्टमार्टम के बाद आज 8 फरवरी को अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतक अंबादत्त खर्कवाल चंपावत के पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल के चचेरे भाई थे। मृतक के छोटे बेटे संजय खर्कवाल की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

कल 7 फरवरी को सन्या निवासी अंबादत्त खर्कवाल पुत्र स्वर्गीय भैरव दत्त खर्कवाल को उनके घर के पास सुभाष खर्कवाल (36) निवासी सनिया खर्क बगड़, ग्राम पंचायत खलकंडिया चंपावत ने फावड़े से हमला कर मार डाला था।

पुलिस टीम के साथ हत्या आरोपी व हत्या में प्रयुक्त सामग्री। 

 

 

SP अजय गणपति ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि वारदात के एक दिन पूर्व 6 फरवरी को अभियुक्त ने उनके (अंबादत्त खर्कवाल) घर पर लगे मधुमक्खी के छत्ते को तोड़कर शहद निकाल लिया था। इस संबंध में 7 फरवरी को अंबादत्त ने अपने पुत्र संजय खर्कवाल से फोन पर बात की। शिकायत से नाराज सुभाष खर्कवाल ने आवेश में आकर आंगन में पड़े फावड़े से अंबादत्त खर्कवाल के सिर पर वार कर उन्हें मार डाला।

पुलिस ने कल ही आरोपी सुभाष खर्कवाल को गिरफ्तार करने के साथ ही मृतक के बेटे की तहरीर पर उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (1) में मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त फावड़ा और अभियुक्त के खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। साथ ही मौके से कई आवश्यक साक्ष्य भी संकलन किए गए हैं।

आरोपी सुभाष खर्कवाल को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक बीएस विष्ट, SI देवनाथ गोस्वामी, ASI नरेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल राजेश यादव, कांस्टेबल जगमोहन, होमगार्ड जवान श्याम सिंह बोरा शामिल थे।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.