टनकपुर थ्वालखेड़ा ग्राम पंचायत के लोगों ने एसडीएम के माध्यम से डीएम को भेजा ज्ञापन
शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत थ्वालखेड़ा ग्राम पंचायत में बनाया जा रहा बंदा
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। निर्माणाधीन शारदा कॉरिडोर में थ्वालखेड़ा ग्राम पंचायत में बनने वाली नहर के किनारे सड़क को आवागमन के लिए छोड़े जाने की मांग की है। इसे लेकर टनकपुर के एसडीएम के माध्यम से डीएम को ज्ञापन भेजा गया है।

शारदा कॉरिडोर निर्माण के तहत ग्राम पंचायत थ्वालखेड़ा से लगे रोखड के किनारे से बंदे का निर्माण किया जाना है। थ्वालखेडा ग्राम पंचायत के दर्जनों परिवारों का आवागमन, गौचर, पनघट और रोखड़ की ओर से ही है। यदि रोखड़ के किनारे ग्रामीणों के लिए बिना सड़क मार्ग छोड़े हुए ही सुरक्षा दीवार लगाकर बंदे का निर्माण कर दिया गया, तो उक्त दर्जनों परिवारों का आवागमन गौचर-पनघट बंद हो जाएगा। इससे उक्त परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
पूर्णागिरी मार्ग से कुंदन सिंह के घर तक करीब 600 मीटर के बीच गांव की पुरानी वायरक्रेट सुरक्षा दीवार से निर्माणाधीन नहर निर्माण की सुरक्षा दीवार के मध्य जगह छोडकर निर्माण कार्य कराया जाए। जिससे कि ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित नहीं हो। पूर्व ग्राम प्रधान सतीश पांडेय के नेतृत्व में ज्ञापन देने वालों में प्रेम सिंह, महेश चंद, कमल, प्रकाश नेगी, श्याम सिंह, कुंदन सिंह, रमेश सिंह, कविता देवी, कमला नेगी आदि के हस्ताक्षर हैं।
© 2026. All Rights Reserved.