मजदूर का शव टनकपुर के सालवनी के जंगल से बरामद हुआ
7 दिन पूर्व गुमशुदा मजदूर के शव के पास से सल्फास की डिब्बी मिलने से आत्महत्या का अंदेशा
पुलिस कर रही है मामले की जांच
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। टनकपुर के बंगाली कॉलोनी में रहने वाले एक मजदूर का शव संदिग्ध अवस्था में सालवनी के जंगल से बरामद हुआ। मृतक व्यक्ति 7 दिन पूर्व गुमशुदा था। शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यद्यपि मौत की वजह का पता नहीं चल सका है, लेकिन शव के पास सल्फास की डिब्बी मिलने से जहर खाने से मौत का अंदेशा जताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पुलिस की जांच के बाद ही मौत के कारण का पता चल सकेगा।
मूल रूप से पीलीभीत जिले का रहने वाला (वर्तमान में टनकपुर के बंगाली कॉलोनी) मजदूर वेदपाल (45) पुत्र सोहन लाल 18 अक्टूबर से घर से लापता था। परिजनों की तहरीर पर टनकपुर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज हुई थी। आज 24 अक्टूबर की सुबह वेदपाल का शव घर से करीब 100 मीटर दूर सालवनी के जंगल के पास बरामद हुआ। कोतवाल चेतन रावत ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने भी मौका मुआयना कर साक्ष्य का संग्रह किया है। वहीं शव से कुछ फासले पर सल्फास की डिब्बी भी बरामद हुई है। इससे प्रथमदृष्ट्या जहर खाने से मौत होना प्रतीत हो रहा है। अलबत्ता पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच के बाद मौत की असल वजह का पता चल सकेगा। मृतक के परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है।
© 2026. All Rights Reserved.