Thursday May 21, 2026

ग्रीष्मावकाश वाले विद्यालयों और आंगनवाड़ी केंद्रों में कल से 11:30 बजे तक होगा संचालन

DM ने जारी किया आदेश

देवभूमि टुडे

चंपावत। भीषण गर्मी की मार अब स्कूली छात्र-छात्राओं तक पहुंच गई है। उत्तराखंड मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में भीषण गर्मी एवं उष्ण लहर का अंदेशा जताया गया है। लगातार बढ़ते तापमान एवं अत्यधिक गर्मी को देखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका के मद्देनज़र DM मनीष कुमार ने चंपावत जिले में संचालित सभी ग्रीष्मावकाश वाले विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन समय में परिवर्तन संबंधी आदेश जारी किए हैं।

जारी आदेशानुसार जिले के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) तथा आंगनवाड़ी केंद्रों का संचालन कल 22 मई से आगामी एक सप्ताह तक अर्द्धदिवसीय (Half Day) व्यवस्था के अंतर्गत सुबह 7:00 बजे से पूर्वान्ह 11:30 बजे तक किया जाएगा। आदेश में कहा गया है कि अत्यधिक गर्मी एवं हीटवेव के प्रभाव से बच्चों को निर्जलीकरण (Dehydration) सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों से बचाने के लिए यह निर्णय लिया गया है। वहीं शीतावकाश वाले विद्यालयों का संचालन शासन द्वारा निर्धारित समय-सारणी के अनुसार पूर्ववत संचालित होगा। आदेश की अवहेलना करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

DM मनीष कुमार।

 




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.