नंधौर वाइल्ड लाइफ सेंचुरी पहुंची छात्राओं ने वन्य जीवों के संरक्षण की ली शपथ
सितारगंज की छात्राओं का शैक्षिक भ्रमण
बारकोली रेंज सितारगंज, तराई पूर्वी वन प्रभाग हल्द्वानी की ओर से आयोजित किया गया था भ्रमण कार्यक्रम


देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। वन्य जीव संरक्षण कानून प्रवर्तन, मानव-वन्य जीव संघर्ष न्यूनीकरण जन जागरूकता एवं क्षमता संवर्धन के लिए सरस्वती विद्या मंदिर बालिका इंटर कॉलेज सितारगंज की 50 छात्राओं ने चंपावत के बूम रेंज के अंतर्गत चूका व टाक जिम कॉर्बेट ट्रेल एवं हल्द्वानी वन प्रभाग के अंतर्गत नंधौर वाइल्ड लाइफ सेंचुरी का भ्रमण किया। बारकोली रेंज सितारगंज तराई पूर्वी वन प्रभाग हल्द्वानी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में वन अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्राओं ने वन्यजीवो के संरक्षण की शपथ ली।
प्रभारी वन क्षेत्राधिकारी सितारगंज शिरीन संजय पंडित, बूम के वन क्षेत्राधिकारी कैलाश चंद्र गुणवंत, नेचर गाइड सौरभ कलखुड़िया ने वन एवं वन्य जीवों के महत्व की जानकारी दी। जिम कॉर्बेट ट्रेल चूका के भ्रमण के दौरान छात्राओं को उन स्थानों पर ले जाया गया, जहां पिछली सदी के चौथे दशक में जिम कॉर्बेट ने आदमखोर बाघिन को मारा था। जंगल में विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों के बारे में जानकारियां दी गई। छात्राएं कलढूंगा डाक बंगला भी पहुंची, जहां जिम कॉर्बेट ने रात्रि विश्राम किया था। बंगला काफी जर्जर हालत में था। गाइड सौरभ कलखुड़िया ने बताया कि इस बंगले का जिम कॉर्बेट के साथ गहरा नाता रहा। वे शिकार के दिनों में यहां रात बिताते थे। चूका एवं टाक गांव के ग्रमाीणों के सहयोग से छात्राओं ने उन स्थानों को भी देखा, जहां आदमखोर बाघिन का आतंक बना हुआ था। इस दौरान सेवानिवृत वन दरोगा मदन मोहन तिवारी एवं सरस्वती विद्या मंदिर बालिका इंटर कालेज सितारगंज के अध्यापक एवं अध्यापिकाओं के अलावा वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.