अनुसूचित जाति का हो सकता है पाटी नगर पंचायत का पहला अध्यक्ष
शहरी विकास विभाग ने अध्यक्ष पद के आरक्षण की अनंतिम अधिसूचना जारी की
आपत्ति या सुझाव के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया
देवभूमि टुडे
चंपावत/पाटी। चंपावत जिले के पांचवें (पाटी नगर पंचायत) नगर निकाय के निर्वाचित बोर्ड के अगले तीन महीने में अस्तित्व में आने की संभावना है। इसके लिए शहरी विकास विभाग की ओर से प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस नगर पंचायत का पहला अध्यक्ष अनुसूचित जाति का हो सकता है।
शहरी विभाग विभाग ने पाटी नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के आरक्षण की अनंतिम अधिसूचना जारी की है। इस अधिसूचना के मुताबिक पाटी नगर पंचायत का अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति का किए जाने का प्रस्ताव है। शहरी विकास विभाग के अपर सचिव संतोष बड़ोनी के हस्ताक्षर से जारी अनंतिम अधिसूचना में प्रस्तावित आरक्षण एवं आवंटन पर लोगों से आपत्ति और सुझाव मांगे गए हैं। ये सुझाव या आपत्ति लिखित रूप से शहरी विकास विभाग के निदेशक देहरादून को संबोधित करते हुए या विभाग की मेल आईडी पर दी जा सकती है। आपत्ति अनंतिम अधिसूचना प्रकाशित होने के 7 दिन के भीतर की जा सकेगी।
पाटी नगर पंचायत में 1984 मतदाता:
चंपावत जिले के पांचवें नगर निकाय और दूसरे नगर पंचायत में कुल 1984 मतदाता हैं। पंचायत में 4 वार्ड बनाए गए हैं। इनमें से 3 वार्ड आरक्षित होंगे। पाटी तहसील की यह इकलौती नगर पंचायत होगी। इस पंचायत में पाटी व जौलाड़ी ग्राम पंचायत के अलावा गूम ग्राम पंचायत का एक हिस्सा शामिल है।
चंपावत जिले की वर्तमान नगर निकायों में अध्यक्ष के आरक्षण की स्थिति:
चंपावत नगर पालिका: महिला आरक्षित।
टनकपुर नगर पालिका: अन्य पिछड़ा वर्ग आरक्षित।
बनबसा नगर पंचायत: अनुसूचित जाति आरक्षित।
लोहाघाट नगर पालिका: अनारक्षित।
© 2026. All Rights Reserved.