Sunday Jun 21, 2026

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की समीक्षा बैठक के दौरान डीएम मनीष कुमार ने दिए निर्देश

जिला समन्वयक आशा एवं चारों ब्लॉकों के ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजरों का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकने के निर्देश दिए

स्वास्थ्य योजनाओं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण, आयुष्मान भारत योजना, टीबीमुक्त भारत अभियान तथा ग्रामीण एवं सीमांत क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की गई

देवभूमि टुडे

चंपावत। डीएम मनीष कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करने के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही अब स्वीकार नहीं की जाएगी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की आज 13 मई को चंपावत कलक्ट्रेट में हुई बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण, आयुष्मान भारत योजना, टीबीमुक्त भारत अभियान तथा ग्रामीण एवं सीमांत क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की गई। बैठक में डीएम ने लोहाघाट उप जिला अस्पतालों में दवाओं, उपकरणों सहित अन्य सामग्रियों की खरीद से संबंधित सभी वित्तीय अभिलेखों की जांच के निर्देश भी दिए। साथ ही जिला समन्वयक आशा एवं चारों ब्लॉकों के ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजरों का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकने के निर्देश दिए गए।

समीक्षा बैठक लेते DM मनीष कुमार।

डीएम ने कहा कि अस्पतालों में मरीजों को समय पर उपचार, जांच एवं दवाइयां उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी है। इसमें कोताही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश देते हुए कहा कि जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत कोई भी पात्र लाभार्थी छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने प्रसवपूर्व देखभाल पर विशेष ध्यान देने तथा गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिले में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने और संस्थागत प्रसव में आशा कार्यकर्तियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। साथ ही आशा कार्यकर्तियों के मानदेय एवं प्रोत्साहन राशि का भुगतान बिना देरी किए जारी करने के निर्देश दिए। डीएम ने ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर एवं जिला समन्वयक आशा को निर्देशित किया कि आशा कायकतियों की अपने कायक्षेत्र में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। कहा कि आशा कार्यकर्तियां सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था की बुनियाद है और सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आशाओं की सक्रिय फील्ड उपस्थिति से स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार आएगा।

बैठक में डीएम ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत आयोजित सभी प्रशिक्षण कार्यक्रमों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने सीएमओ को प्रत्येक 15 दिन में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं टीबीमुक्त भारत अभियान की समीक्षा करने तथा प्रत्येक सप्ताह एमओआईसी स्तर पर नियमित समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। अस्पतालों की साफ-सफाई, जरूरी उपकरणों की उपलब्धता, एंबुलेंस सेवाओं, टीकाकरण कार्यक्रम, जन औषधि केंद्रों, एनीमिया मुक्त भारत अभियान, तंबाकूमुक्त युवा अभियान तथा आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती ने बैठक में पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट के अंतर्गत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु एक माह के भीतर पोर्टल विकसित करने के निर्देश दिए। बैठक में सीएमओ डॉ. देवेश चौहान, एसीएमओ इंद्रजीत पांडेय, विराज राठी सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद थे।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.