Tuesday Apr 28, 2026

लघु बद्रीनाथ के रूप में जाना जाता है महर पिनाना का वैष्णव शक्तिपीठ सकलधाम मंदिर

बैशाख पूर्णिमा से खुलने वाले मंदिर के कपाट कार्तिक पूर्णिमा को बंद होते हैं

उत्तराखंड चाय सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष मुकेश महराना होंगे मुख्य अतिथि

देवभूमि टुडे, दीपक शर्मा

चंपावत/भिंगराड़ा। चंपावत जिले के महर पिनाना गांव के वैष्णव शक्तिपीठ सकल धाम के द्वारा बैशाख पूर्णिमा को खुलेंगे।सामाजिक कार्यकर्ता चंद्रशेखर जोशी 'गुरुजी' ने बताया कि मुख्य अतिथि इसी क्षेत्र के निवासी और उत्तराखंड चाय सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष मुकेश महराना होंगे। 1 मई को खुलने वाले द्वार के लिए मंदिर समिति ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

बिरगुल ग्राम पंचायत के महर पिनाना गांव के वैष्णव शक्तिपीठ सकलधाम मंदिर को लघु बद्रीनाथ भी कहते हैं। दरसल ये मंदिर करीब 6 महीने खुलता है और शेष समय बंद रहता है। पंडित भैरव दत्त जोशी के बाद 1 मई को पुजारी की जिम्मेदारी पंडित शंकर दत्त जोशी को सौंपी जाएगी। बैशाख पूर्णिमा को मंदिर के कपाट खुलने के बाद कार्तिक पूर्णिमा (24 नवंबर) को कपाट बंद हो जाएंगे। मान्यता है कि यहां पूजा-अर्चना से पुत्र प्राप्ति से लेकर धन धान्य और अन्य मनोकामना पूरी होती है।

 

लेकिन रोड से दूर है मंदिर:

चंपावत के बिरगुल ग्राम पंचायत के महर पिनाना गांव का विख्यात वैष्णव शक्तिपीठ सकल धाम मंदिर की मान्यता खूब है, लेकिन यहां सुविधाओं का अभाव है। सबसे अधिक दुश्वारी सड़क नहीं होने की है। सामाजिक कार्यकर्ता चंद्रशेखर जोशी 'गुरुजी' बताते हैं कि महर पिनाना तक रोड नहीं है। धूनाघाट-भिंगराड़ा मोटर मार्ग पर दुर्गानगर से 2 किलोमीटर पैदल चलकर महर पिनाना तक पहुंचना पड़ता है। ग्रामीणों ने सड़क के निर्माण की मांग की है। कहा कि रोड होने से न केवल ग्रामीणों को सुविधा होगी, बल्कि पर्यटन से आजीविका और आमदनी भी बढ़ेगी।

सकल धाम मंदिर।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.