भूमि पूजन समारोह को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी शुरू
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भेजा निमंत्रण पत्र, कई बड़ी हस्तियां भी होंगी शामिल
देवभूमि टुडे
चंपावत/देवीधुरा। प्रमुख शक्तिपीठ देवीधुरा के वाराही धाम में मां ब्रज वाराही का भव्य मंदिर बनेगा। देवीधुरा धाम सदियों से चले आ रहे विख्यात बगवाल मेले के लिए जाना जाता है। यहां बनने जा रहे मांं वाराही मंदिर के लिए 20 मार्च को भूमि पूजन होगा। बताया गया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित कई बड़ी हस्तियों के भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है। प्रस्तावित भूमि पूजन समारोह को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी की जा रही है। श्री वाराही शक्तिपीठ ट्रस्ट की ओर से मां वाराही के भक्तों को विशेष निमंत्रण भेजा जा रहा है।

मंदिर समिति के संस्थापक अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह लमगड़िया ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ‘मां वाराही का गुलाबी बुलावा पत्र’ भेंट कर कार्यक्रम में आने का आग्रह किया गया है। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, नीति आयोग के उपाध्यक्ष राजशेखर जोशी और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल सहित कई विशिष्ट अतिथि भूमि पूजन समारोह के साक्षी बनेंगे। मंदिर निर्माण के सूत्रधार डोल आश्रम के स्वामी कल्याण दास महाराज सहित अनेक संत-महात्मा भी इस आध्यात्मिक आयोजन में शामिल होंगे। शक्तिपीठ ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष हीरा बल्लभ जोशी, लक्ष्मण सिंह लमगड़िया, नरेंद्र सिंह लडवाल, कोषाध्यक्ष दिनेश जोशी, उपाध्यक्ष हयात बिष्ट और बिशन चम्याल के मुताबिक भूमि पूजन की तैयारियां व्यापक स्तर पर की जा रही हैं। मंदिर निर्माण में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ट्रस्ट का पूरा लेनदेन बैंक के माध्यम से किया जा रहा है।
सोमपुरा ग्रुप के विपुल त्रिवेदी की देखरेख में होगा काम:
देश-विदेश में कई धार्मिक स्थलों का निर्माण कर चुके गुजरात के सोनपुरा ग्रुप के प्रमुख विपुल त्रिवेदी की देखरेख में मंदिर निर्माण का कार्य होगा। विपुल त्रिवेदी अपनी टीम के साथ देवीधुरा पहुंच चुके हैं। मंदिर का निर्माण ऐसे वास्तु विन्यास में किया जा रहा है कि प्रातःकाल सूर्य देव की पहली किरण सीधे मां वाराही का अभिषेक करेगी। इस मंदिर से सनातन संस्कृति के प्रसार और समाज के हर वर्ग को भावनात्मक रूप से जोड़ने का संदेश दिया जाएगा। 20 मार्च को विद्वान पुरोहित निर्धारित शुभ मुहूर्त में कार्यक्रम का आयोजन करेंगे। सुबह महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में कलश यात्रा निकालेंगी। मध्यान्ह 12 बजे से भूमि पूजन का मुख्य कार्यक्रम शुरू होगा।

© 2026. All Rights Reserved.