रोडवेज के टनकपुर के मंडलीय प्रबंधक आलोक बनवाल का दावा
दुर्घटना के कारणों की कराई जा रही है तकनीकी जांच
देवभूमि टुडे
चंपावत। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मरोडख़ान के पास रोडवेज की बस हादसाग्रस्त हो गई। दुर्घटना में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पहले बस दुर्घटना की वजह ब्रेक का फेल होने को बताया जा रहा था, लेकिन रोडवेज अधिकारियों ने इससे इनकार किया है। टनकपुर के मंडलीय प्रबंधक आलोक बनवाल ने फोन पर बताया कि अब तक जो जानकारी मिली है, उससे ब्रेक फेल होने की पुष्टि नहीं हुई है। हादसे के कारणों की जांच के लिए टनकपुर के सहायक मंडलीय प्रबंधक सुरेश चंद्र पांडेय को मौके पर भेजा गया है।
धारचूला से टनकपुर जा रही रोडवेज की बस (यूके 07पीए 3122) का आज 3 जून की सुबह 10.18 बजे एनएच पर पाटन पुल से एक किलोमीटर दूर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया गया कि ढलान पर आ रही बस को नियंत्रित करने के लिए ड्राइवर बेनी राम थ्वाल (49) निवासी बड़ोली चंपावत ने बस को दाहिनी ओर पहाड़ी पर टकराया। इसी दौरान चालक थ्वाल बस से छिटक कर आगे वाले टायर के नीचे आने से दबकर मौकेपर ही मौत हो गई।
ढलान पर आ रही बस पहाड़ी पर कैसे टकराई? इसे लेकर स्थिति साफ नहीं है। बस में सवार कुछ यात्रियों ने दुर्घटना की वजह ब्रेक फेल होना बताया, लेकिन रोडवेज अधिकारियों ने इससे इनकार किया है। रोडवेज के टनकपुर मंडल के मंडलीय प्रबंधक आलोक बनवाल का कहना है कि बस दुर्घटना ब्रेक फेल होने से नहीं हुई है। उनका कहना है कि इस संबंध में कंडक्टर से बात हुई है। बस का ब्रेक फेल नहीं हुआ है। जीएम ने कहा कि दुर्घटना के कारणों की तकनीकी जांच कराई जा रही है।
© 2026. All Rights Reserved.