टनकपुर ककरालीगेट से पूर्णागिरी मुख्य मंदिर तक स्ट्रीट लाइन लगाने का काम शुरू
9.30 करोड़ रुपये से होने वाले इस काम से श्रद्धालुओं के अलावा स्थानीय नागरिकों को होगी सुविधा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 9 मार्च 2023 को किया था ऐलान
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। विख्यात आध्यात्मिक धाम पूर्णागिरी शक्तिपीठ जाने वाले पैदल यात्रियों को इस साल शारदीय नवरात्र तक बड़ी सौगात मिलेगी। ऊर्जा निगम टनकपुर सर्किल के अधीक्षण अभियंता डीके जोशी ने बताया कि टनकपुर के ककरालीगेट से 22 किलोमीटर दूर पूर्णागिरी मुख्य मंदिर तक स्ट्रीट लाइट का काम आज हरेले के दिन 16 जुलाई को शुरू हो गया है।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 9 मार्च 2023 को ककरालीगेट से पूर्णागिरी धाम तक यात्रा मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने की घोषणा की थी। आज से यह काम शुरू हो गया है। चंपावत डिवीजन के अधिशासी अभियंता विजय कुमार सकारिया ने बताया कि 9.30 करोड़ रुपये की लागत से ककरालीगेट से मां पूर्णागिरी मंदिर तक स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। भैरव मंदिर से मुख्य मंदिर के पैदल रास्ते में अंडरग्राउंड केबिल के साथ ही सजावटी स्ट्रीट लाइटें लगेंगी।
22 किलोमीटर के क्षेत्र में 1200 से अधिक बिजली के पोल लगाए जाएंगे। ईई सकारिया ने बताया कि स्ट्रीट लाइट लगाने का यह काम इस साल 30 अक्टूबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। शुभारंभ के मौके पर अधीक्षण अभियंता डीके जोशी, टनकपुर के उपखंड अभियंता महेंद्र सिंह बृजवाल, जूनियर इंजीनियर नरेंद्र प्रसाद आदि मौजूद थे। स्ट्रीट लाइट लगने से ग्रामीण क्षेत्रों और स्थानीय लोगों के अलावा सबसे ज्यादा सहुलियत पूर्णागिरी धाम आने वाले श्रद्धालुओं को होगी। वर्तमान में मेला क्षेत्र में सरकारी मेलावधि को छोड़ शेष वक्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं है।
© 2026. All Rights Reserved.