Saturday Sep 19, 2026

गणित शिक्षण के साथ विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और नवाचार की भावना विकसित करने के लिए राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पल्सों के

शिक्षक नवीन चंद्र पंत को मिला पुरस्कार

देवभूमि टुडे

चंपावत। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पल्सों के सहाक अध्यापक एवं जिला विज्ञान समन्वयक नवीन चंद्र पंत को शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। गणित के प्रति रूचि, विज्ञान लोकप्रियकरण एवं जन जागरूकता के क्षेत्र में योगदान के लिए उन्हें इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से नवाजा गया है। आज शिक्षक दिवस पर लोक भवन देहरादून में हुए सम्मान समारोह में राज्यपाल सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरुमीत सिंह और शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने उन्हें सम्मानित किया।

 

शिक्षक पंत ने जनपद स्तर पर विभिन्न विज्ञान लोकप्रियकरण कार्यक्रमों, विज्ञान प्रदर्शनियों, विज्ञान क्विज, इंसपायर अवार्ड, राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग, वैज्ञानिक जागरूकता कार्यक्रमों एवं नवाचार आधारित गतिविधियों में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने इन गतिविधियों के माध्यम से छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और विज्ञान को व्यवहारिक जीवन से जोडऩे का कार्य किया है। शिक्षक पंत के मार्गदर्शन में हर साल विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर तक हिस्सा लेते रहे हैं। विगत वर्ष चंपावत जिले के छात्र-छात्राओं ने भारत अंतरराष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव में भी हिस्सा लिया था।

मुख्य शिक्षाधिकारी मानसिंह ने नवीन चंद्र पंत को पुरस्कार प्राप्त होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक का यह सम्मान न केवल उनके प्रयासों की पहचान है, बल्कि जिले के लिए भी गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिक्षक विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार की भावना विकसित करने के साथ-साथ अन्य शिक्षकों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं। शिक्षक पंत ने बताया कि यह सम्मान उन्हें विज्ञान लोकप्रियकरण के क्षेत्र में और अधिक उत्साह से काम करने की प्रेरणा देगा। खंड शिक्षाधिकारी भारत जोशी, प्रधानाचार्य राधेश्याम खर्कवाल, उमेद सिंह बिष्ट, अजय रावत, विज्ञान समन्वयक नरेश जोशी, जीवन सोराड़ी, नवीन पांडेय, नवीन बिष्ट, भुवन जोशी आदि ने भी नवीन पंत को बधाई दी है।






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.