Tuesday Jul 21, 2026

चंपावत की पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने पत्रकार वार्ता में दी जानकारी

चंपावत जिले की पुलिस की कार्रवाई में टनकपुर मनिहारगोठ क्षेत्र से 253 ग्राम स्मैक संग गिरफ्तार हुआ तस्लीम मंसूरी

पूछताछ में सामने आए एक अन्य आरोपित हैरी सिंह की पुलिस कर रही है तलाश

देवभूमि टुडे

चंपावत/टनकपुर। पुलिस ने चंपावत जिले के मैदानी क्षेत्र टनकपुर से हेरोइन (स्मैक) संग एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 08, 21, 29, 60 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने आज 25 जून की अपरान्ह हुई पत्रकार वार्ता में ये जानकारी दी। आरोपित को विशेष सत्र न्यायालय ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं पूछताछ में उजागर हुए एक और आरोपित की पुलिस तलाश कर रही है।

 

टनकपुर की सीओ निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण एवं कोतवाली प्रभारी चेतन रावत के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 24 जून को मनिहारगोठ क्षेत्र में रेलवे पटरी के पास एक बाइक सवार से तलाशी के दौरान 253 ग्राम हेरोइन बरामद की। आरोपित तस्लीम मंसूरी (21) निवासी वार्ड नंबर 6 मीना बाजार बनबसा जिला चंपावत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि बरामद हेरोइन की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में 75 लाख रुपये की कीमत आंकी गई है। पूछताछ के दौरान आरोपित ने बताया कि यह स्मैक हैरी सिंह निवासी टाटरगंज जिला पीलीभीत से लेकर आया था। इस स्मैक को वह नशे के आदी युवकों को बेचता था। पुलिस पूछताछ में सामने आए आरोपित हैरी सिंह की तलाश कर रही है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में शामिल हैं ये अधिकारी-कर्मी:

टनकपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक चेतन रावत, एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट, उप निरीक्षक पूरन सिंह, तेज कुमार व प्रकाश भट्ट, मुख्य आरक्षी ललित श्रीवास्तव, नासिर हुसैन, तपेंद्र जोशी व महेंद्र डंगवाल, आरक्षी उमेश राज व दीपक कुमार।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.