Friday Sep 11, 2026

नमामि गंगे समिति की बैठक में टनकपुर के EO को कार्य में तेजी लाने की दी हिदायत

एसटीपी, फ्लड प्लेन जोनिंग और नदी संरक्षण कार्यों की भी हुई समीक्षा

देवभूमि टुडे

चंपावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने टनकपुर में लेगेसी वेस्ट के निस्तारण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। कलक्ट्रेट में आज 10 सितंबर को हुई नमामि गंगे समिति की बैठक में उन्होंने टनकपुर के EO ऋषभ उनियाल को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही ठेकेदार द्वारा निर्धारित समय पर कार्य पूर्ण नहीं किए जाने पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी। बैठक में सीवेज ट्रीटमेंट एवं आधारभूत संरचना के विकास, नदियों एवं जल स्रोतों में ठोस अपशिष्ट की रोकथाम, लेगेसी वेस्ट के निस्तारण, फ्लड प्लेन जोनिंग तथा ‘अर्थ गंगा’ मॉडल के तहत संचालित गतिविधियों की समीक्षा की गई।

अधिकारियों की बैठक में समीक्षा करते DM मनीष कुमार।

डीएम ने नगर निकायों में एनजीटी के मानको के अनुरूप लेगेसी वेस्ट के निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लेगेसी वेस्ट के निस्तारण में किसी भी स्तर पर देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कहा कि नदियों एवं अन्य जल स्रोतों में किसी भी प्रकार का ठोस अपशिष्ट न पहुंचे, इसके लिए प्रभावी निगरानी के साथ जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए। अपशिष्ट का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन एवं निस्तारण किया जाए, ताकि नदी और जल स्रोत स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त रहें।

फ्लड प्लेन जोनिंग की समीक्षा करते हुए डीएम ने सिंचाई विभाग के EE को फ्लड प्लेन जोन के अंतर्गत चिन्हित 25 गांवों के सीमांकन की प्रक्रिया अक्टूबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाढ़ संभावित क्षेत्रों का स्पष्ट चिन्हांकन एवं आवश्यक अभिलेखीकरण समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में पेयजल निगम के अधिकारियों ने प्रस्तावित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) से संबंधित कार्यों की जानकारी दी। बताया गया कि चंपावत में 4.5 एमएलडी, लोहाघाट में 3.0 एमएलडी, टनकपुर में 4.5 एमएलडी, पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में 2.7 एमएलडी तथा बनबसा में 1.2 एमएलडी क्षमता के एसटीपी से संबंधित प्रस्ताव उत्तराखंड पेयजल निगम के मुख्य अभियंता को भेजे जा चुके हैं।

बैठक में डीएफओ डी पुरुषोत्तमन, प्रभारी सीडीओ अजय सिंह, उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार, लोनिवि के चंपावत के ईई हितेश कांडपाल, लोहाघाट के ईई मयंक तिवारी, नगर पालिका के ईओ भारत त्रिपाठी, लोहाघाट के सौरभ नेरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.