एक सभासद के हंगामे से भड़के टनकपुर नगर पालिका कर्मी
कोतवाली में दी गई है तहरीर
वार्ता के जरिए भी विवाद निपटाने की हो रही कोशिश
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। टनकपुर नगर पालिका में आज 3 अक्टूबर को कर्मचारी धरने पर हैं। उनकी नाराजगी कल 2 अक्टूबर को बोर्ड बैठक के दौरान एक सभासद द्वारा कथित रूप से किए गए हंगामे और अभद्रता को लेकर है। धरने की वजह से आज सुबह से अब तक पालिका में रोजमर्रा का कामकाज बाधित हुआ है। ईओ ऋषभ उनियाल ने कल शाम सभासद के हंगामे के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी थी। वहीं मामले को बातचीत से सुलझाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अभी तक गतिरोध थम नहीं सका है।



टनकपुर नगर पालिका बोर्ड बैठक के दौरान 2 नवंबर को वार्ड नंबर 7 के सभासद चर्चित शर्मा पर हंगामा काटने, सभाकक्ष के माइक, कुर्सी और पत्रावली फेंकने का आरोप है। साथ ही वरिष्ठ सहायक विनोद चंद्र बिष्ट से अभद्रता करने का भी आरोप लगा। इस बवाल के बाद बैठक तो स्थगित हुई ही, माहौल भी तनावपूर्ण हो गया। पालिका कर्मियों ने सभासद की अभद्रता के विरोध में कल शाम को भी तालाबंदी कर धरना दिया था।

वहीं आज 3 नवंबर को भी विरोध जारी रहा। कर्मियों ने अभद्रता के विरोध में कार्य बहिष्कार किया। साथ ही इस संबंध में पालिका अध्यक्ष एवं EO को पत्र भी भेजा। कार्य बहिष्कार से पालिका का काम बाधित हुआ है। वहीं मामले को वार्ता के जरिए सुलझाने के भी प्रयास हो रहे हैं।
उधर सभासद चचिर्त शर्मा ने आरोपों को सिरे से नकारा है। कहा कि उन्होंने न अभद्रता की है, और नहीं कोई तोडफ़ोड़। बोर्ड बैठक के दौरान टोकाटाकी से आहत हो उन्होंने कागज फेंकने के साथ बैठक का बर्हिगमन किया था।
© 2026. All Rights Reserved.