चंपावत जिले के मैदान के अस्पताल की सेहत के हाल
5 विशेषज्ञ डॉक्टरों के पद खाली
26 का उत्तराखंड-4
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। चंपावत जिले का सबसे अधिक आबादी वाला क्षेत्र है मैदान का टनकपुर। लेकिन इस इलाके की स्वास्थ्य सेवाओं के हाल बहुत ठीक नहीं है। बच्चों के इलाज का कोई पुख्ता इंतजाम नहीं। गर्भवती महिलाओं के लिए विशेषज्ञ डॉक्टर नहीं। सर्जरी के लिए निश्चेतक नहीं। ऐसे में मैदान की 50 हजार से अधिक की आबादी का दर्द कैसे और कब तक दूर होगा?
टनकपुर उप जिला अस्पताल और मुख्यमंत्री कैप कार्यालय के बीच का फासला महज एक दीवार का है। बावजूद इसके इस अस्पताल की व्यवस्था आदर्श नहीं है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी से इलाज पर असर पड़ रहा है। बाल रोग विशेषज्ञ नहीं, गायनेकोलॉजिस्ट नहीं, निश्चेतक नहीं। इसके चलते बच्चों से लेकर गर्भवती महिलाओं का ट्रीटमेंट प्रभावित हो रहा है। साथ ही लंबे समय से अस्पताल में ऑपरेशन की सुविधा भी गायब है। ऐसे में टनकपुर और बनबसा के लोग दूसरे जिले या निजी अस्पताल के चक्क्कर काटने को मजबूर हैं। इस वक्त टनकपुर उप जिला अस्पताल में 7 विशेषज्ञ चिकित्सकों सहित कुल 14 डॉक्टर सेवा दे रहे हैं। इस साल जून में टनकपुर के लिए बाल रोग विशेषज्ञ, निश्चेतक, गायनेकोलॉजिस्ट और जनरल सर्जन के स्थानांतरण आदेश हुए थे, लेकिन चिकित्सकों के नहीं आने से यहां हालात में कोई बदलाव नहीं हुआ।

विशेषज्ञ चिकित्सकों के खाली हैं ये पद:
1.गायनेकोलॉजिस्ट के दोनों पद खाली।
2.बाल रोग विशेषज्ञ।
3.निश्चेतक।
4.पैथेलॉजिस्ट।
5.नेत्र रोग विशेषज्ञ का पद खाली है लेकिन लोहाघाट से टनकपुर संबद्धीकरण से काम चल रहा है।
क्या कहते हैं जिलाधिकारी:
टनकपुर सहित चंपावत जिले की चिकित्सा व्यवस्था को बेहतर करने के लिए सभी जरूरी उपाय किए जा रहे हैं। खाली पदों को भरने के लिए शासन से अनुरोध किया गया है। टनकपुर में सीटी स्कैन मशीन की सुविधा के साथ ट्रॉमा सेंटर को भी जल्द संचालित करने के लिए काम किए जा रहे हैं। टनकपुर में गायनेकोलॉजिस्ट और एनेस्थेटिस्स के पद के लिए एनएचएम से 'यू कोट-वी पे' के अंतर्गत 17 नवंबर को साक्षात्कार प्रस्तावित हैं। इसके बाद स्वास्थ्य व्यवस्था और बेहतर होगी।
मनीष कुमार,
डीएम, चंपावत।

© 2026. All Rights Reserved.