टनकपुर-पीलीभीत सवारी ट्रेन के शाहजहांपुर तक मार्ग विस्तार का शुभारंभ भी किया गया
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअली दिखाई हरी झंडी, टनकपुर में दो केंद्रीय मंत्रियों ने किया विशेष ट्रेनों का स्वागत
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से टनकपुर-हजूर साहिब नांदेड़ साप्ताहिक एक्सप्रेस एवं टनकपुर-पीलीभीत सवारी ट्रेन के शाहजहांपुर तक मार्ग विस्तार का शुभारंभ किया। दोनों ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस एवं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वर्चुअल रूप से कार्यक्रम से जुड़े।


टनकपुर रेलवे स्टेशन में 6 जुलाई को आयोजित समारोह में रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री रवनीत सिंह और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस के उद्घाटन अवसर पर विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। टनकपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर, इज्जतनगर मंडल की मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, वरिष्ठ रेल अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद थे।
नई रेल सेवाओं एवं मार्ग विस्तार से उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों, छात्रों, किसानों, व्यापारियों, श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र के कृषि एवं अन्य उत्पादों को नए बाजार उपलब्ध होने से आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रहीं है।

© 2026. All Rights Reserved.