Tuesday Aug 25, 2026

पुलिस और कॉलेज प्रशासन की मनाने की कोशिशें अब तक नाकाम

आंदोलन के आठवे दिन अचानक छत में चढ़ने से महाविद्यालय प्रशासन और पुलिस के हाथ पांव फूले

देवभूमि टुडे

चंपावत/लोहाघाट। लोहाघाट के स्वामी विवेकानंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विभिन्न मांगों को लेकर एबीवीपी का अनिश्चितकालीन धरना आज 24 अगस्त को आठवें दिन भी जारी रहा। दोपहर में उस समय अफरातफरी का माहौल बन गया, जब मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से गुस्साए विद्यार्थी परिषद के सात छात्र कॉलेज की छत पर चढ़ गए। छात्र मांग पूरी होने तक छत से नहीं उतरने की जिद पर अड़े हुए हैं। पुलिस और महाविद्यालय प्रशासन की टीम लगातार छात्रों को समझाने का प्रयास कर रही है।

पीजी कॉलेज के छत में चढ़े एवीबीपी के कार्यकर्ता।

 

एबीवीपी के प्रदेश छात्रसंघ प्रमुख विवेक पुजारी और जिला संयोजक नीरज सगटा के नेतृत्व में छात्रों ने सोमवार से क्रमिक अनशन शुरू किया। इससे पहले छात्रों ने मांगों को लेकर एसएसजे विश्वविद्यालय के कुलपति का पुतला दहन किया। छात्र ने कालेज में इतिहास, समाजशास्त्र, शिक्षा शास्त्र और मनोविज्ञान की कक्षाएं शुरू करने, डबल एमए की सुविधा देने, 2021 से 2025 तक की सभी अंकपत्र उपलब्ध कराने, स्थायी लाइब्रेरियन की नियुक्ति करने तथा मॉर्डन फिजिक्स में अनुत्तीर्ण सभी छात्र-छात्राओं को बांड के आधार पर प्रवेश देने की मांग कर रहे हैं। दोपहर में छात्रसंघ अध्यक्ष शिखर वर्मा के साथ राहुल बिष्ट, करन देउपा, प्रियांशु ढेक, आयुष करायत, अमित त्रिवेदी और अंकित बिष्ट अचानक कालेज की छत पर चढ़ गए। छात्रों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर होंगे। सूचना मिलने पर तहसीलदार मुहीउद्दीन के नेतृत्व में पुलिस बल कालेज पहुंचा। प्रभारी प्रार्चाय डॉ. दीपा सिंह और प्रशासनिक अधिकारी भी छात्रों को समझाने का लगातार प्रयास कर रहे हैं, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।

एनएसयूआई भी क्रमिक अनशन पर:

चंपावत/लोहाघाट। स्वामी विवेकानंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की विभिन्न समस्याओं को लेकर एनएसयूआई ने भी सोमवार से क्रमिक अनशन शुरू कर दिया। कॉलेज इकाई के अध्यक्ष आयुष गोस्वामी के नेतृत्व में छात्रों ने विज्ञान संकाय की सभी प्रयोगशालाओं में आवश्यक और आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने, एमए में इतिहास, समाजशास्त्र, शिक्षा शास्त्र और मनोविज्ञान विषय शुरू करने, स्थायी लाइब्रेरियन की नियुक्ति करने तथा खेल सुविधाओं में खिलाडिय़ों के टीए-डीए में उचित वृद्धि करने की मांग उठाई। इस दौरान प्रियांशु बोहरा, अजय बिष्ट, अरुण अधिकारी, मनोज जोशी, भुवन बोहरा और सागर बिष्ट सहित अन्य छात्र मौजूद थे।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.