आठ घंटे बाद कालेज की छत से उतरे छात्र
लोहाघाट के स्वामी विवेकानंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विभिन्न मांगों को लेकर 8 दिन से दे रहे धरना
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। स्वामी विवेकानंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विभिन्न मांगों को लेकर एबीवीपी और छात्रसंघ का अनिश्चितकालीन धरना सोमवार को आठवें दिन भी जारी रहा। सुबह 10 बजे उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब मांगों पर कार्रवाई न होने से नाराज विद्यार्थी परिषद के सात छात्र कालेज की छत पर चढ़ गए। छात्र मांग पूरी होने तक छत से न उतरने की जिद पर शाम 6:23 बजे उतरे। इस दौरान पुलिस और महाविद्यालय प्रशासन की टीम लगातार छात्रों को समझाने के प्रयास में जुटी रही।

एबीवीपी के प्रदेश छात्रसंघ प्रमुख विवेक पुजारी और जिला संयोजक नीरज सगटा के नेतृत्व में छात्रों ने सोमवार से क्रमिक अनशन शुरू किया। इससे पहले छात्रों ने मांगों को लेकर एसएसजे विश्वविद्यालय के कुलपति का पुतला दहन किया। छात्र ने कालेज में इतिहास, समाजशास्त्र, शिक्षा शास्त्र और मनोविज्ञान की कक्षाएं शुरू करने, डबल एमए की सुविधा देने, वर्ष 2021 से 2025 तक की सभी मार्कशीट उपलब्ध कराने, स्थायी लाइब्रेरियन की नियुक्ति करने तथा माडर्न फिजिक्स में अनुत्तीर्ण सभी छात्र-छात्राओं को बांड के आधार पर प्रवेश देने की मांग कर रहे हैं। सुबह दस बजे करीब छात्रसंघ अध्यक्ष शिखर वर्मा के साथ राहुल बिष्ट, करन देउपा, प्रियांशु ढेक, आयुष करायत, अमित त्रिवेदी और अंकित बिष्ट अचानक कालेज की छत पर चढ़ गए। छात्रों का कहना था उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर होंगे। सूचना मिलने पर तहसीलदार मुहीउद्दीन के नेतृत्व में पुलिस बल कालेज पहुंचा गया। प्रभारी प्राचार्य डा. दीपा सिंह और प्रशासनिक अधिकारी भी छात्रों को समझाने का लगातार प्रयास करते रहे लेकिन छात्र अस से मस नही हुुए। शाम को भाजपा जिला गोविंद सामंत और नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा से छात्राें की वार्ता कराई। मंत्री ने समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया तो छात्र मान गए। विवेक पुजारी ने बताया कि मांगे पूरी होने तक धरना जारी रहेगा।
© 2026. All Rights Reserved.