SSJ विश्वविद्यालय कैंपस में बिजली, पेयजल सहित अन्य खामियों को ठीक करने की मांग कर रहे थे दात्र
कैंपस निदेशक के आश्वासन पर 22 अक्टूबर की मध्यान्ह से प्रस्तावित धरना स्थगित किया
देवभूमि टुडे
चंपावत। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के चंपावत परिसर के छात्रों के बिजली, पेयजल सहित कई बुनियादी समस्याओं के समाधान को आंदोलन के अल्टीमेटम के बाद परिसर प्रशासन हरकत में आया। परिसर प्रशासन के प्रयासों को देखते हुए छात्रों ने 22 अक्टूबर मध्यान्ह बाद से आंदोलन का ऐलान फिलहाल वापस ले लिया है।
छात्र शुभम जोशी एवं कई अन्य छात्र बिजली, पेयजल जैसी सुविधाओं में सुधार एवं बालिका छात्रावास के संचालन की मांग कर रहे थे। इसे लेकर 14 अक्टूबर को परिसर निदेशक के माध्यम से विश्वविद्यालय के कुलपति को ज्ञापन दिया गया था। इसके बाद 21 अक्टूबर को रिमाइंडर दे 22 अक्टूबर की सुबह 11 बजे तक समस्याओं के समाधान के लिए कदम नहीं उठाए जाने पर 22 अक्टूबर मध्यान्ह से धरना देने का अल्टीमेटम दिया गया था। छात्र शुभम जोशी ने बताया कि कैंपस प्रशासन ने बिजली, पानी व्यवस्था में सुधार के लिए प्रस्ताव तैयार किया है। जिसे देखते हुए 22 अक्टूबर मध्यान्ह से प्रस्तावित आंदोलन स्थगित कर दिया गया।
क्या कहते हैं छात्र प्रतिनिधि:
बिजली, पेयजल की व्यवस्था को बेहतर करने के लिए जरूरी कदम उठाने का आश्वासर परिसर प्रशासन ने दिया है। इस आश्वासन के बाद प्रशासन को 1 नवंबर तक का वक्त दिया गया है। इस अवधि में काम में प्रगति नहीं हुई, तो फिर से आंदोलन पर विचार किया जाएगा।
शुभम जोशी, छात्र।
क्या कहते हैं निदेशक:
एसएसजे विश्वविद्यालय परिसर में बिजली एवं पेयजल की व्यवस्था में सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए बाकायदा प्रस्ताव विश्वविद्यालय के कुलपति को भेजा गया है। अन्य व्यवस्थाओं को भी बेहतर करने की कोशिशें की जा रही है।
डॉ. सुभाष चंद्रा,
निदेशक, एसएसजे विश्वविद्यालय परिसर।

© 2026. All Rights Reserved.