Wednesday Sep 9, 2026

घाट-पनार रोड पर खड़ी थी कार

देवभूमि टुडे

चंपावत/बारकोट। बाराकोट तहसील के घाट-पनार राष्ट्रीय राजमार्ग पर घाट मसान देवता मंदिर के पास पहाड़ी से अचानक कार पर गिरे बोल्डर की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। जबकि 3 अन्य घायल हो गए। 1 घायल को प्राथमिक उपचार के बाद चंपावत जिला अस्पताल और 3 घायलों को पिथौरागढ़ के अस्पताल भेजा गया है।

जानकारी के अनुसार यूके-05 टीए-2878 नंबर की अल्टो कार टिम्टा, गंगोलीहाट से पिथौरागढ़ की ओर जा रही थी। घाट मसान देवता मंदिर के पास सड़क बंद होने के कारण चालक ने वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। कार में दो युवक बैठे थे।  जबकि तीन लोग बाहर खड़े थे। इसी दौरान पहाड़ी से अचानक भारी बोल्डर गिरा और पांचों युवक उसकी चपेट में आ गए।

हादसे में वाहन चालक सौरभ कुमार (24) पुत्र नरेंद्र कुमार, संदीप कुमार (35) पुत्र भवानी राम, सुनील कुमार (23) पुत्र आनंद राम, सुभाष चंद्र (44) पुत्र शिवराम और सुजल कुमार (17) पुत्र कृष्ण राम, सभी निवासी टिम्टा घायल हो गए। सूचना पर स्थानीय लोगों के साथ पुलिस, राजस्व, फायर, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य किया।

घायल सुनील कुमार।

गंभीर घायल संदीप कुमार और सुनील कुमार को 108 सेवा से उप जिला अस्पताल लोहाघाट लाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही संदीप कुमार की मौत हो गई। उप जिला अस्पताल के MS डॉ. विराज राठी ने बताया कि सुनील कुमार के सिर में गंभीर चोट है। उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं सौरभ कुमार, सुभाष चंद्र और सुजल कुमार को घटना स्थल से ही पिथौरागढ़ अस्पताल भेजा गया है। मदन सिंह सामंत, शमशेर सिंह, मोहन सिंह, महेंद्र सिंह और पंकज तिवारी सहित कई स्थानीय लोगों ने घायलों को खाई से बाहर निकालने में मदद की।

पीछे खड़ी कार भी हुई क्षतिग्रस्त:

स्थानीय लोगों के अनुसार बोल्डर की चपेट में आई कार के पीछे खड़ी दूसरी अल्टो कार यूके-05 टीए-4664 पर भी पत्थर गिरे। इससे कार आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गई।

मृतकाश्रित के परिजनों को दी आर्थिक सहायता:

घाट-पनार क्षेत्र में हुई दुर्घटना में मृतक संदीप कुमार के परिजनों को आपदा मद से 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। प्रशासन की ओर से एसडीएम नीतू डांगर ने मृतक के परिजनों को अनुमन्य सहायता राशि उपलब्ध कराई।

मृतकाश्रित को चेक देती SDM नीतू डांगर।






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.