Saturday Sep 5, 2026

 

श्रीकृष्ण की लीलाओं की खूबसूरत प्रस्तुतियां

चंपावत छतार के शहीद शिरोमणि चिल्कोटी चिल्ड्रेन पार्क में 5 वर्षों से लगातार आयोजित जन्माष्टमी कार्यक्रम ले रहा नूतन धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का रूप

संस्कृति, परंपराओं एवं सनातन मूल्यों का समागम: पालिकाध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय

देवभूमि टुडे

चम्पावत। आदर्श वार्ड छतार की सभासद प्रेमा चिल्कोटी के निर्देशन में छतार के शहीद शिरोमणि चिल्कोटी चिल्ड्रेन पार्क में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा एवं भक्तिभाव से मनाया गया। बीते 5 वर्षों से लगातार आयोजित जन्माष्टमी कार्यक्रम अब छतार वार्ड की नूतन धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का रूप ले चुकी है। मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय ने भगवान श्रीकृष्ण के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज को अपनी जड़ों और संस्कारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे कार्यक्रमों में बच्चों एवं महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। इससे हमारी आने वाली पीढ़ियां अपनी संस्कृति, परंपराओं एवं सनातन मूल्यों से परिचित होती हैं। अध्यक्ष पांडेय ने छतार वार्ड में लगातार पांच वर्षों से जन्माष्टमी का आयोजन किए जाने की सराहना करते हुए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी कार्यक्रम एवं पालिकाध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय को स्मृति चिन्ह भेंट करती सभासद प्रेमा पाण्डेय। 

 

सांस्कृतिक कार्यक्रम में छतार वार्ड की मातृशक्ति एवं नन्हे-मुन्ने कलाकारों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों एवं महिलाओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनकी बाल लीलाओं और भारतीय संस्कृति पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दी। गरबा, एकल नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। नन्हें कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों और मातृशक्ति के उत्साह से कार्यक्रम में चार चांद लग गए। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लोककला के साथ वातावरण को भक्तिमय कर दिया।

सभासद प्रेमा चिल्कोटी ने कहा कि छतार वार्ड को आदर्श वार्ड बनाने के साथ-साथ यहां धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों को निरंतर बढ़ावा देने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। कहा कि जन्माष्टमी जैसे आयोजन केवल धार्मिक पर्व नहीं हैं, बल्कि सामाजिक समरसता  एवं बच्चों की प्रतिभाओं को मंच देने तथा मातृशक्ति की सहभागिता सुनिश्चित करने का अवसर भी प्रदान करते हैं।

गुरुकुल अकादमी की शिक्षिका कविता पाण्डेय के संचालन में हुए कार्यक्रम में समिति के पूर्व अध्यक्ष देवकीनंदन उप्रेती, संरक्षक लोकमणि पंत, महेश चंद्र जोशी, जीबी जोशी, यशोधर भट्ट, जनार्दन चिल्कोटी सहित क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं एवं बच्चे मौजूद थे।






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.