Saturday Aug 22, 2026

गुजरात के भावनगर जिले की घटना

21 आरोपियों में से 13 को पुलिस ने गिरफ्तार किया

(स्रोत्र विभिन्न मीडिया रिपोर्ट)

भावनगर (गुजरात)। भावनगर जिले में नकली शराब के पीने से 8 लोगों की मौत हुई है। विभिन्न मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक 8 मृतकों के अलावा 10 की हालत गंभीर भी है। वैसे इस घटना में अब तक 61 लोग प्रभावित हुए हैं।

जिला प्रशासन के मुताबिक मेथनॉल युक्त शराब का सेवन करने वाले 25 लोग अभी भी इलाज करा रहे हैं। 10 अन्य लोगों को अब तक छुट्टी दे दी गई है। मेथनॉल एक अत्यंत विषैला पदार्थ है। वर्तेज पुलिस स्टेशन में जहरीली शराब त्रासदी के संबंध में दर्ज एफआईआर में नामजद 21 आरोपियों में से 13 को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गुजरात में शराबबंदी है। यहां शराब का निर्माण, बिक्री और सेवन पूरी तरह प्रतिबंधित है।

 

मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि पीड़ितों ने एक लोकप्रिय भारतीय निर्मित विदेशी शराब ब्रांड के नाम वाली बोतलों में पैक की गई नकली शराब का सेवन किया। आरोपियों पर गैर इरादतन हत्या, मिलावट और भारतीय न्याय संहिता एवं निषेध अधिनियम के तहत जहर मिलाने के आरोप लगाए गए हैं। मामले की जांच गुजरात पुलिस की विशेष इकाई स्टेट मॉनिटरिंग सेल कर रही है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अवैध शराब का यह मामला तब सामने आया, जब 16 अगस्त की रात तीन दोस्तों ने वर्तेज में शराब का सेवन किया, लेकिन सभी बीमार पड़ गए। उनमें से एक की मौत हो गई। पहले पीड़ित उपेंद्र सिंह गोहिल के रक्त के नमूने की जांच में मेथनॉल की उपस्थिति पाई गई। इसके बाद और भी मौतें हुईं और कई लोगों को गंभीर जटिलताओं के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया। फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की रिपोर्ट के अनुसार, शराब में 38.59% मेथनॉल और 0.94% इथेनॉल मौजूद थी।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.