Friday Jun 19, 2026

अब तक 3 नामजद आरोपितों के अलावा एक अन्य व्यक्ति की हो चुकी है गिरफ्तारी

यात्रियों को कम किराए पर दिल्ली ले जाने वाले एक ड्राइवर को 10 जून को जूतों की माला पहनाकर अपमानित करने का है आरोप

देवभूमि टुडे

चंपावत/लोहाघाट। गुमदेश क्षेत्र के एक टैक्सी ड्राइवर के साथ मारपीट कर जूतों की माला पहनाने वाले 4 आरोपितों में से 3 को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। इसके अलावा जांच के दौरान एक अन्य व्यक्ति कमल राम निवासी डूंगराबोहरा को भी 15 जून को गिरफ्तार किया गया। कमल राम के पास से पीड़ित टैक्सी ड्राइवर का मोबाइल बरामद हुआ है। लेकिन अभी भी एक आरोपित पुलिस की गिरफ्त से दूर है। पुलिस का कहना है कि आरोपित सोबन सिंह को दबोचने के लिए दबिश दी जा रही है। आरोपित को जल्द पकड़ लेने का दावा किया जा रहा है। वहीं अनुसूचित जाति के संगठनों ने आरोपित सोबन सिंह को पकड़ पाने में हो रही देरी पर नाराजगी जताई है।

 

पुलिस 4 नामजदों में से अब तक 3 आरोपित (हरीश सिंह बोहरा, वीरेंद्र सिंह और मोहन चंद्र) को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोप है कि 10 जून को सवारी लेकर दिल्ली जा रहे गुमदेश क्षेत्र के डूंगराबोरा के एक टैक्सी ड्राइवर को टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवराड़ी बैंड के पास 4 टैक्सी चालकों ने रोक कर गालीगलौज, जाति सूचक शब्दों का प्रयोग और मारपीट की थी। कम किराये में सवारी ले जाने पर नाराज इन टैक्सी चालकों पर डुंगराबोरा के टैक्सी ड्राइवर को जूतों की माला पहनाकर अपमान करने का भी आरोप है। साथ ही घटना का वीडियो भी सार्वजनिक किया गया था। पीड़ित चालक की तहरीर पर 12 जून को लोहाघाट निवासी वीरेंद्र सिंह, सोबन सिंह, हरीश सिंह बोहरा और मोहन चंद्र के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के साथ आईटी एक्ट और बीएनएस की धारा 352, 351 (3), 133, 126, 308 (2), 309 (3), 356, 152 (2) में मामला दर्ज किया गया था।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.