नगर पालिका चंपावत की टीम ने अधिशासी अधिकारी के नेतृत्व में वर्षा के बीच किया विभिन्न वार्डों में स्थलीय सर्वेक्षण
देवभूमि टुडे
चंपावत। नगर क्षेत्र में जलभराव, भूस्खलन, क्षतिग्रस्त भवनों एवं अन्य आपदाजनित परिस्थितियों को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से खतरा बने भवनों में रह रहे 7 (राजू, बीना, शिवा, शिवम, अंकित, अंशु और हिमांशु) लोगों को पालिका के रैन बसेरे में ठहराया है। आज मंगलवार को पालिका की टीम ने भूसलधार वर्षा के बीच छतार, तल्ली मादली, मल्ली मादली, गोरलचौड़, कनलगांव, भैरवा, बालेश्वर, नागनाथ एवं जूप सहित विभिन्न वार्डों में भ्रमण कर समस्याओं का जायजा लिया।



नागनाथ वार्ड के पोरूड़ा क्षेत्र में एक भवन की बुनियाद क्षतिग्रस्त पाए जाने के कारण भवन को असुरक्षित पाया गया। जिसके बाद भवन में रह रहे एक परिवार के 7 सदस्यों को रैन बसेरे में ठहराया गया। छतार वार्ड के डिप्टेश्वर तथा नागनाथ वार्ड के रोपा एवं रोखेत क्षेत्रों में भी स्थलीय सर्वेक्षण किया गया। स्थानीय परिस्थितियों का जायजा लेते हुए संवेदनशील स्थानों एवं संभावित जोखिम वाले क्षेत्रों की जानकारी जुटाई गई। पालिका प्रशासन ने कहा कि वर्षाकाल के दौरान नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। जोखिम वाले क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने एवं हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। सर्वेक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी, अवर अभियंता आशीष धीमान, सिटी मिशन मैनेजर महेश चौहान, कर संग्रहकर्ता प्रकाश गिरी, सूरज पुनेठा, वार्ड सभासद दिनेश चंद्र बर्दोला, सामाजिक कार्यकर्ता सनी वर्मा शामिल थे।
© 2026. All Rights Reserved.