लोहाघाट विकास संघर्ष समिति के बैनरतले हुआ धरना
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। उप जिला अस्पताल से एक साथ 8 चिकित्सकों के तबादले के विरोध में आज 14 जुलाई को लोहाघाट विकास संघर्ष समिति के बैनरतले लोगों ने अस्पताल परिसर में धरना दिया। तबादला आदेश वापस लेने की मांग की गई। साथ ही तबादला निरस्त नहीं होने पर आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया गया।
संघर्ष समिति के अध्यक्ष विपिन गोरखा के नेतृत्व में हुए धरने में वक्ताओं ने कहा कि पहले चार चिकित्सकों के तबादले के आदेश जारी हुए थे। जबकि अब चार और चिकित्सकों के तबादले के बाद कुल 8 डॉक्टरों को अस्पताल से स्थानांतरित किया जा रहा है। इतने बड़े स्तर पर चिकित्सकों के तबादले से अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने का अंदेशा है। धरना देने वालों में राजकिशोर साह, लोकेश पांडेय, अजय गोरखा, गोपाल कन्नौजिया, दीपक साह, राजेंद्र फर्त्याल सहित कई स्थानीय लोग मौजूद थे। धरने को कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता डॉ. महेश ढेक ने भी समर्थन दिया।
उप जिला अस्पताल के चिकित्साधीक्षक डॉ. विराज राठी ने बताया कि अस्पताल से कुल 8 चिकित्सकों के तबादले हुए हैं। इनमें स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मोनिका गिरी, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. ज्ञान प्रकाश, चेस्ट विशेषज्ञ डॉ. रविंद्र बोहरा, निश्चेतक डॉ. चित्रलेखा बोहरा, डॉ. मंजीत सिंह और जिला क्षय नियंत्रण अधिकारी डॉ. सोनाली मंडल का तबादला आदेश जारी हो चुका है। वहीं दो स्थानांतरित डॉक्टर कृतिका सती और डॉ. देवांशी आर्या को कार्यमुक्त किया जा चुका है।
© 2026. All Rights Reserved.