Thursday Nov 19, 2026

जिलाध्यक्ष को मंच पर बैठने के लिए नहीं मिली कुर्सी

देवभूमि टुडे

विधायक अधिकारी और मुन्ना ढेक।

चंपावत/लोहाघाट। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की जनसभा में कांग्रेस की गुटबाजी भी खुलकर सामने आई। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद विधायक खुशाल सिंह अधिकारी और वरिष्ठ नेता मुन्ना ढेक के बीच रोड पर गर्मागर्मी हुई। पार्टी जिलाध्यक्ष चिराग सिंह फर्त्याल कार्यक्रम के दौरान खड़े रहे। उन्हें मंच पर बैठने के लिए स्थान नहीं मिल पाया। यहां तक कि उन्हें हर कार्यक्रम से दूर रखा गया। नेताओं के माल्यार्पण करने का भी उन्हें मौका नहीं मिला। जिलाध्यक्ष मंच के एक कोने पर खड़े-खड़े प्रदेश प्रभारी व अन्य नेताओं के भाषण सुनते रहे। कांग्रेस की धड़ेबाजी का एहसास कुमारी सैलजा को भी हो गया। उन्होंने अपने भाषण में कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं को अपनी शिकायत या नाराजगी उचित फोरम पर व्यक्त करनी चाहिए। सार्वजनिक स्थान या जन सभा के बीच एक-दूसरे पर नाराजगी प्रकट करना न तो कार्यकर्ताओं के लिए उचित है और नहीं पार्टी व संगठन के हित में है।

धामी सरकार की विदाई बेला तय:शैलजा

लोहाघाट में आयोजित कांग्रेस की जनसभा में भाजपा सरकार पर जमकर बरसी प्रदेश प्रभारी

वरिष्ठ नेताओं ने भी सरकार को खड़ा किया कटघरे में, कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान

देवभूमि टुडे

चंपावत/लोहाघाट। लोहाघाट के रामलीला मैदान में हुई कांग्रेस की जनसभा में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने भाजपा की धामी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए उसे भ्रष्टाचार में डूबी सरकार करार दिया। कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल है, इस सरकार के सत्ता से जाने का वक्त आ गया है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और जनता से आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का हाथ मजबूत कर भाजपा सरकार को सत्ता से बेदखल करने का आह्वान किया।

कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश में बड़े-बड़े प्रोजेक्टों के नाम पर जनता की गाढ़ी कमाई का दुरुपयोग कर अपनी जेबें भरने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य से जुड़े आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि इन मामलों ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। प्रदेश के करीब 2 हजार विद्यालय बंद हो चुके हैं और स्वास्थ्य व्यवस्था भी बदहाल स्थिति में पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और कांग्रेस को इस बदलाव की आवाज बनना होगा। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि प्रदेश को बचाने के लिए भाजपा सरकार को सत्ता से हटाना जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार प्रदेश की जमीन और जंगलों को बेचने का काम कर रही है। वहीं उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी ने कहा कि भाजपा सरकार में रोजगार की आस लगाए बैठे युवाओं को लगातार निराशा हाथ लग रही है। परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक होने से युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए भाजपा सरकार पर मामले में कथित वीआईपी को बचाने का आरोप लगाया।

विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने अपने कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों को जनता के सामने रखा और प्रदेश सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने धारचूला विधायक हरीश धामी की सराहना करते हुए उन्हें बबर शेर बताया और जनसभा में पहुंचे सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और जनता का आभार जताया। वक्ताओं ने पार्टी की मजबूती के लिए आपसी एकजुटता बनाए रखने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने की अपील की।

कार्यक्रम का संचालन प्रकाश सिंह मेहरा और भुवन चौबे ने किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, पूर्व जिलाध्यक्ष पूरन कठायत, पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल, रंजीत सिंह रावत, भागीरथ भट्ट, विकास, मोहन सिंह ढेक, चंद बोहरा, शैलेंद्र राय, विजय माहरा, प्रहलाद सिंह अधिकारी, महेश भट्ट, मनोज सामंत, अशोक सिंह माहरा, शंकर सिंह अधिकारी, सक्षम अधिकारी, डॉ. अमर सिंह कोटियाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.