Wednesday May 13, 2026

चंपावत जिला पंचायत की भंडारबोरा सीट शून्य घोषित होने के बाद किया ऐलान

कहा-दोनों मतगणना रिपोर्ट में वे ही विजयी

देवभूमि टुडे

चम्पावत। चंपावत की भंडारबोरा जिला पंचायत सीट को जिला न्यायालय ने आज 12 मई को शून्य  करने का आदेश दिया। भाजपा समर्थित प्रत्याशी शैलेश चंद्र जोशी इस फैसले के खिलाफ नैनीताल उच्च न्यायालय में अपील करेंगे। उनका कहना है कि न्यायालय में प्रस्तुत दोनों आधिकारिक मतगणना अभिलेखों में वे (शैलेश जोशी) ही विजयी दर्शाए गए हैं।

 

जुलाई 2025 में त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव हुए थे। चंपावत जिला पंचायत की भंडारबोरा सीट के भाजपा समर्थित प्रत्याशी शैलेश चंद्र जोशी ने निर्दलीय कमल सिंह रावत को 25 वोटों से हराया था। शैलेश चंद्र जोशी को 3282 और दूसरे नंबर पर रहे कमल सिंह रावत को 3257 वोट मिले थे। जबकि तीसरे प्रत्याशी अशोक सिंह को 48 वोट मिले। वहीं 278 वोट रद्द हुए थे। जिसके बाद मामले को दूसरे नंबर पर रहे कमल सिंह रावत ने न्यायालय में चुनौती दी गई।

जोशी का कहना है कि सुनवाई के दौरान न्यायालय में प्रस्तुत परिशिष्ट-7 (मतगणना परिणाम विवरणी) के अनुसार कमल सिंह रावत को 3111 मत और शैलेश जोशी को 3282 मत प्राप्त हुए। इस आधार पर शैलेश जोशी 171 मतों से विजयी रहे।

इसके बाद प्रस्तुत परिशिष्ट-8 (मतगणना विवरणी) में कमल सिंह रावत को 3257 मत और शैलेश जोशी को 3282 मत दर्शाए गए। यहां भी शैलेश जोशी 25 मतों की बढ़त के साथ विजेता बने रहे। दोनों अभिलेखों में तीसरे प्रत्याशी अशोक सिंह को 48 मत तथा कुल 278 मत निरस्त हैं। शैलेश जोशी का कहना है कि दोनों अलग-अलग मतगणना अभिलेखों में विजेता के रूप में उनका (शैलेश जोशी) नाम ही सामने आया। उनका कहना है कि इस फैसले को उच्च न्यायालय में चुनौती देने की तैयारी में है।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.