Monday Jul 6, 2026

कहा-'सीधे जनता तक पहुंचेगी सरकारी योजनाएं'

जन-जन के घर लगेगा योजनाओं का द्वार

कलक्ट्रेट परिसर में लगे विभागों के स्टॉल, उत्पादों और योजनाओं की प्रदर्शनी 

देवभूमि टुडे

चंपावत। उत्तराखंड शासन के दिशा-निर्देशों के क्रम में जिले चंपावत में सुशासन और जनसेवा कार्यक्रम शुरू हुए। 18 जुलाई 2026 तक चलने वाले "सेवा पखवाड़ा" महा-अभियान का कलक्ट्रेट में शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश से सजीव प्रसारण के माध्यम से  की।

चंपावत में जिला स्तर पर इस महा-अभियान का शुभारंभ DN मनीष कुमार और दर्जा मंत्री श्याम नारायण पांडेय एवं मुकेश महराना ने दीप प्रज्वलित कर किया। आयोजन से पहले विभिन्न सरकारी विभागों ने स्टॉल लगाए थे। दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडेय व मुकेश महराना, पालिकाध्यक्ष  प्रेमा पांडेय, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा आदि ने अवलोकन किया। चंपावत के सेवा पखवाड़ा के नोडल अधिकारी दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 5 वर्ष के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताया। कहा कि CM धामी के पद संभालने के बाद प्रदेश के रूके हुए विकास कार्यों को अभूतपूर्व गति मिली है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में सबसे पहले उत्तराखंड में यूसीसी लागू करने का श्रेय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को है। दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडेय और मुकेश महराना ने कहा कि CM धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के पांच वर्ष गौरवशाली और ऐतिहासिक रहे। नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री की 'आदर्श चंपावत' की परिकल्पना अब धरातल पर नजर आने लगी है। DM मनीष कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री एवं शासन के निर्देशों के अनुसार आयोजित यह सेवा पखवाड़ा मूल रूप से पूर्व में नवंबर से फरवरी तक चले 'जन-जन की सरकार' कार्यक्रम का ही विस्तार है। सरकार के पांच वर्ष का कार्यकाल पूरे होने के उपलक्ष्य में एक वृहद अभियान चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य धरातल पर जाकर गांवों के अंतिम छोर पर खड़े वंचित वर्ग के लोगों तक पहुंचना है। परियोजना निदेशक अजय सिंह एवं सहायक परियोजना निदेशक विमी जोशी ने संचालन किया।

सेवा पखवाड़ा के दौरान दर्जा मंत्री मुकेश महराना को पुस्तक भेंट करते CDO जीएस खाती।

 

दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में लगेंगे कैंप

15 दिवसीय अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के समन्वय से दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में मुख्य रूप से दो श्रेणियों लाभार्थीपरक योजनाओं और अवस्थापना (इन्फ्रास्ट्रक्चर) से जुड़े कार्यों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। इसके अंतर्गत पात्र ग्रामीणों को पेंशन योजनाओं का लाभ दिलाने, स्वास्थ्य जांच करने, विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र जारी करने, श्रम कार्ड बनाने तथा भूमि से जुड़े लंबित प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण करने का कार्य किया जाएगा।

ये रहे मौजूद:

दर्जा राज्य मंत्री सुभाष बगौली, रोहित बिष्ट, लोहाघाट के पालिकाध्यक्ष गोविंद वर्मा, CDO डॉ. जीएस खाती, ADMकृष्ण नाथ गोस्वामी, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. वसुंधरा गर्ब्याल, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल महारा, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, जिला उपाध्यक्ष कैलाश अधिकारी, वरिष्ठ नेता सतीश पांडेय, एडवोकेट शंकर दत्त पांडेय, सूरज प्रहरी, सभासद प्रेमा चिल्कोटी, जनार्दन चिल्कोटी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान आदि।

5 जुलाई से लगेंगे शिविर:

5 जुलाई को ग्राम पंचायत आमबाग, ज्ञानखेड़ा (टनकपुर) में नवीन योजनाओं के क्रियांवयन किया जाएगा। 7 जुलाई को ग्राम पंचायत भुमलाई एवं राजकीय जूनियर हाईस्कूल खूनाबोरा (लोहाघाट) में आधारभूत संरचना जैसे रेल, सड़क, रोपवे और उड़ान योजना के विकास पर केंद्रित शिविर लगाए जाएंगे। इस पखवाड़े के दौरान अलग-अलग तिथियों में जिल के विभिन्न ग्रामीण व नगरीय क्षेत्रों में विशेष शिविर होंगे। 8 जुलाई को पाटी विकासखंड की गोलडांडा ग्राम पंचायत में उद्योग एवं लघु उद्योग, 9 जुलाई को बाराकोट के सील ग्राम पंचायत में किसान, सहकारिता व कृषि, 10 जुलाई को चंपावत के ग्राम पंचायत दियूरी में महिला, युवा व सैनिक कल्याण के साथ-साथ विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। 14 जुलाई को राजकीय प्राथमिक विद्यालय कमलेख व बतुलाबांज (पाटी), 15 जुलाई को GIC मऊ, 17 जुलाई को पंचायतघर झालाकुड़ी (चंपावत) और 18 जुलाई को राजकीय जूनियर हाईस्कूल ठांठा (लोहाघाट) में भी विभिन्न विभागों के जनकल्याणकारी शिविर लगाए जाएंगे। 




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.