Saturday Oct 17, 2026

टनकपुर में दिसंबर तक पूरा हो जाएगा निस्तारण का काम

कांपेक्टर मशीन से वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण के साथ ही क्षेत्र में प्रदूषण से निजात और सफाई व्यवस्था में सुधार होगा

देवभूमि टुडे

चंपावत/टनकपुर। चंपावत जिले की सबसे बड़ी नगर पालिका टनकपुर ने LEGACY WASTE (वर्षों पुराना कचरा) के वैज्ञानिक निस्तारण का कार्य शुरू कर दिया है। आज 16 अक्टूबर को इस काम का आगाज हुआ। बताया गया कि दिसंबर तक इस काम को पूरा कर लिया जाएगा।

टनकपुर में कूड़ा निस्तारण।

टनकपुर नगर क्षेत्र के अंतर्गत शारदा बैराज के पास क्रशर रोड पर वर्षों से कूड़ा फेंका जाता था। कूड़े के निस्तारण के प्रबंधन में खामी के चलते कई बार NGT (राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण) की फटकार भी लग चुकी है। अलबत्ता अब इस पुराने कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण के काम का औपचारिक आगाज कर दिया गया है। सफाई, पर्यावरण संरक्षण और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिहाज से यह जरूरी कदम है।

अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल के मुताबिक लंबे समय से पड़े इस कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए कार्यस्थल पर मशीन लगा कर कार्य संचालित कर दिया गया है। क्रशर रोड स्थित डंपिंग स्थल पर जमा पुराने कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण होने से क्षेत्र में प्रदूषण से निजात और सफाई व्यवस्था में सुधार होगा। इस निस्तारण प्रक्रिया को इस साल दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा।

पालिका वैज्ञानिक निस्तारण प्रक्रिया के तहत आधुनिक मशीनों से कचरे का प्रसंस्करण करेगी। इसमें अपशिष्ट की प्रकृति के अनुसार रीसाइक्लिंग योग्य सामग्री, उपयोगी घटकों एवं अन्य अवशेषों को अलग-अलग किया जाएगा। फिर से उपयोग में लाई जा सकने वाली सामग्री का समुचित इस्तेमाल किया जाएगा। कार्य शुरू होने के अवसर पर नगर पालिका परिषद के EO, वरिष्ठ सहायक, सभासद शैलेंद्र सिंह, दिनेश कुमार आदि मौजूद थे।






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.