Wednesday Aug 12, 2026

बेटी बदलती है परिवार और समाज की सोच

सावन उत्सव में 10 महिलाओं को नंदा शिखर सम्मान से नवाजा गया

संस्था की फाउंडर ट्रस्टी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पत्नी गीता धामी ने किया सम्मान

देवभूमि टुडे

टनकपुर। स्वयंसेवी संस्था सेवा संकल्प फाउंडेशन की ओर से आयोजित सावन उत्सव में 10 महिलाओं को नंदा शिखर सम्मान से सम्मानित किया। संस्था की फाउंडर ट्रस्टी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पत्नी गीता धामी ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।उन्होंने एक पौधा प्रकृति के नाम मुहिम के तहत चंदन का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस मौके पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए।

भगवान शिव और पार्वती को समर्पित मनमोहक नृत्य, ग्रुप डांस की प्रस्तुति दी गई। सातूं-आंठू पर्व (गौरा-महेश) और झोड़ा-चांचरी की प्रस्तुति ने लोगों को मंत्रमुग्ध किया। लोकधुनों पर आधारित सुपर ईंजा डांस प्रतियोगिता और रैंप वॉक के साथ मिसेज सावन क्वीन प्रतियोगिता भी आयोजित हुई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालीं महिलाओं को पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को नंदा शिखर सम्मान से सम्मानित किया गया।

 

मुख्य अतिथि गीता धामी ने कहा कि प्रशासन और उद्यमिता हर क्षेत्र में बहनें अपने अदम्य साहस और प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। नंदा गौरा योजना बेटियों के जन्म से लेकर उच्च शिक्षा तक का एक पवित्र संकल्प है, ताकि संसाधनों की कमी कभी उनकी पढ़ाई और हौसलों में रूकावट न बने। बेटी परिवार का अभिमान और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी शक्ति है। एक शिक्षित बेटी पूरे परिवार और समाज की सोच को बदल देती है। उन्होंने कहा कि असली सशक्तिकरण तब आता है, जब महिलाएं आत्मनिर्भर बनती हैं और अपनी पहचान स्वयं गढ़ती हैं। मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना और लखपति दीदी जैसी पहल के माध्यम से आज बहनें सफल उद्यमी बन रही हैं। उत्तराखंड की पारंपरिक ऐपण कला, स्थानीय खाद्य उत्पाद, हस्तशिल्प, कृषि, पशुपालन, सिलाई-कढ़ाई और होमस्टे के ज़रिए महिलाएं न केवल अपने घर का चूल्हा रोशन कर रही हैं, बल्कि दूसरों के लिए भी रोजगार का अवसर पैदा कर रही हैं।

स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्तियों, आपातकालीन सेवा में चिकित्सा टेक्नीशियन के रूप में कार्यरत महिलाओं, शिक्षिकाओं और क्षेत्र की प्रथम टुकटुक संचालिका आदि 10 कर्मठ बहनों को ‘नंदा शिखर सम्मान’ से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मौजूद रहे ये लोग:

दर्जा मंत्री हेमा जोशी व किरण देवी, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष दीपा जोशी, बनबसा नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा देवी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा,  सदस्य सरोज चंद, पूर्व सदस्य उर्मिला चंद, विद्या जुकरिया, निशा वर्मा, रीता कलखुड़िया, रुक्मणी उनियाल, बबीता गोस्वामी, हंसा जोशी आदि।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.