टनकपुर में खुशहाल किसान, समृद्ध राष्ट्र की थीम पर हुए कार्यक्रम
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। सरस कॉर्बेट महोत्सव के दौरान खुशहाल किसान, समृद्ध राष्ट्र की थीम पर कृषि, पशुपालन, मत्स्य एवं सहकारिता विषय पर गोष्ठी हुई। वैज्ञानिकों एवं विभागीय अधिकारियों ने किसानों को आधुनिक खेती, जैविक उत्पादन, मूल्य संवर्धन तथा स्वरोजगार के प्रभावी माडल की जानकारी दी।
केवीके से डॉ. आरके शर्मा एवं डॉ. अनुराधा दत्ता ने उन्नत कृषि पद्धतियों पर प्रकाश डाला। उद्यान विभाग की गुनिता जोशी (ज्योलीकोट) ने बागवानी एवं उच्च मूल्य फसलों की संभावनाओं की जानकारी दी। मत्स्य विभाग से डॉ. अवधेश कुमार एवं डॉ. राजेश कुमार ने मत्स्य पालन के नवीन आयाम साझा किए। पशुपालन विभाग से विजयपाल प्रजापति, प्रीति बिष्ट, जीएस राणा एवं डॉ. वसुंधरा गर्ब्याल सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। इस दौरान ऊर्जा संरक्षण विषयक कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं को पर्यावरण संरक्षण, वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों और सतत विकास के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवंत किया। लोकनृत्य, समूह गान एवं नाट्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। डंडा ककनई में पैराग्लाइडिंग, उचौलीगोठ में हाट एयर बैलूनिंग तथा एबटमाउंट में बर्ड वाचिंग आदि गतिविधियां हुई। टनकपुर में महिला स्वयं सहायता समूहों ने हस्तशिल्प, पारंपरिक उत्पाद एवं आर्गेनिक सामग्री के स्टाल लगाए।


पुस्तक प्रदर्शनी का DM ने अवलोकन किया:
सरस कॉर्बेट महोत्सव लगी में पुस्तक प्रदर्शनी में शुक्रवार को DM मनीष कुमार एवं ADM कृष्णनाथ गोस्वामी ने पुस्तक मेले का भ्रमण कर विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और पुस्तकों की खरीदारी भी की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं एवं विद्यार्थियों में पठन-पाठन की आदत को बढ़ावा देते हैं और बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पुस्तक मेले में नेशनल बुक ट्रस्ट, किताबघर प्रकाशन, राजपाल एंड संस तथा साहित्य अकादमी सहित देश के प्रतिष्ठित प्रकाशक हिस्सा ले रहे हैं। साहित्य, बाल साहित्य, प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें, संस्कृति, इतिहास एवं समसामयिक विषयों से संबंधित विविध पुस्तकों का संग्रह उपलब्ध है।

© 2026. All Rights Reserved.