औषधि निरीक्षक हर्षिता ने दवाओं के उचित तापमान पर रखरखाव, ई-औषधि
सॉफ्टवेयर संचालन, मन:प्रभावी औषधियों के पृथक भंडारण आदि का निरीक्षण किया
CMSD परिसर में सफाई बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए
देवभूमि टुडे
चंपावत। चंपावत के CMSD (केंद्रीय औषधि भंडार) का उत्तराखंड औषधि नियंत्रक खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने मुआयना किया। इस दौरान मुख्य रूप से औषधि भंडार में दवाओं के उचित तापमान पर रखरखाव का निरीक्षण किया गया। चंपावत की औषधि निरीक्षक हर्षिता ने CMSD से 8 दवाओं के नमूने भी लिए। इन सेंपलों को राजकीय विश्लेषणशाला भेजा जा रहा है।


ई-औषधि सॉफ्टवेयर के संचालन, औषधियों के क्रय बिलों की जांच की गई। इसके अतिरिक्त मन:प्रभावी (साइकोट्रॉपिक) औषधियों के पृथक भंडारण और उनके रिकॉर्ड के साथ-साथ तापमान एवं आर्द्रता नियंत्रण प्रणाली की कार्यशीलता को भी परखा गया। साथ ही एक्सपायर हो चुकी दवाओं के सही निस्तारण और उन्हें मुख्य स्टॉक से अलग रखने के निर्देश भी जारी किए गए।
निरीक्षण के दौरान स्टोर प्रभारी अधिकारी को परिसर में सफाई बनाए रखने और किसी भी औषधि पर संदेह होने पर तुरंत औषधि नियंत्रण विभाग को सूचित करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान मुख्य फार्मेसी अधिकारी मनोज कुमार टम्टा, फार्मेसी अधिकारी प्रेम टम्टा और सहायक दिनेश फर्याल मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.