Wednesday May 13, 2026

पीड़िता के पिता की तहरीर पर कमल रावत, अर्जिता राय और कांग्रेस प्रदेश सचिव आनंद महरा के खिलाफ मुकदमा

लालच देकर बेटी को निर्वस्त्र करने व फोटो और वीडियो को वायरल करने का लगाया गया है आरोप

देवभूमि टुडे

चंपावत। चंपावत के सल्ली गांव में 16 वर्षीय नाबालिग के साथ कथित दुष्कर्म के मामले में एक और तहरीर हुई है। अब नाबालिग के पिता की ओर से की गई नामजद तहरीर के आधार पर चंपावत कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर एंगिल से जांच कर रही है।

सोमवार शाम पीड़िता के पिता ने कोतवाली चंपावत में सल्ली निवासी कमल रावत, कनलगांव निवासी उसकी महिला मित्र अर्जिता राय और बनबसा निवासी कांग्रेस के प्रदेश सचिव आनंद सिंह माहरा के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि इन तीनों आरोपियों ने लालच देकर उनकी नाबालिग बेटी को निर्वस्त्र किया व फोटो और वीडियो को वायरल किया। इसके अलावा कमल रावत ने उन्हें धोखे में रख कर कोतवाली में गलत प्राथमिकी दर्ज कराई। कोतवाल बीएस रावत के मुलाबिक पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर कोतवाली चंपावत में तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 217, 230, 351(2), 353 (1) (बी), 61 (2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 11, 12, 22, 23 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

 

अब तक का घटनाक्रम:

1.5-6 मई की रात सल्ली गांव में 16 वर्षीय नाबालिग के साथ दरिंदगी का सनसनीखेज मामला सामने आया था।

2.पुलिस ने नाबालिग के पिता की तहरीर के आधार पर नामजद पूर्व ग्राम प्रधान व भाजपा मंडल उपाध्यक्ष पूरन सिंह रावत, विनोद सिंह रावत और नवीन सिंह रावत के खिलाफ 6 मई को प्राथमिकी दर्ज की थी।

3.पुलिस ने मामले की विवेचना के बाद 7 मई की शाम को नाबालिग के साथ दरिंदगी की घटना को फर्जी बताया था। कहा कि यह पूरा प्रकरण बदले की भावना से रची साजिश था।

4.साजिश रचकर झूठी प्राथमिकी दर्ज कराने के आरोप में सल्ली निवासी कमल रावत, कनलगांव निवासी उसकी महिला मित्र अर्जिता राय और बनबसा निवासी कांग्रेस प्रदेश सचिव आनंद सिंह महरा के खिलाफ कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज हुई। पुलिस ने 8 मई को कमल रावत और अर्जिता राय को जेल भेज दिया।

5.साजिश में शामिल तीसरे नामजद आरोपी कांग्रेस के प्रदेश सचिव आनंद सिंह महरा के खिलाफ पुलिस साक्ष्य जुटाने में लगी है। पुलिस का दावा है कि उसे जल्द साक्ष्य संकलन के बाद गिरफ्तार किया जाएगा।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.