Wednesday Jul 8, 2026

चंपावत जिले की 312 ग्राम पंचायतों के उप प्रधान पदों के लिए नामांकन पत्र जमा करने से लेकर मतगणना तक 15 जुलाई को

चंपावत क्षेत्र पंचायत में 113, पाटी में 84, लोहाघाट में 67 तथा बाराकोट क्षेत्र पंचायत में 48 पदों के लिए होंगे चुनाव

देवभूमि टुडे

चंपावत। ग्राम पंचायतों के उप प्रधानों के चुनावों के नामांकन पत्रों (नाम निर्देशन-पत्र) की बिक्री आज 8 जुलाई से शुरू होगी। संबंधित क्षेत्र पंचायत मुख्यालयों पर 14 जुलाई तक रोजाना सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक बिक्री होगी। 15 जुलाई को भी सुबह 8 बजे से 9:30 बजे तक संबंधित ग्राम पंचायत में नामांकन पत्रों की बिक्री की जा सकेगी। चंपावत जिले के सभी 312 उप प्रधान पदों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया 15 जुलाई को संपन्न कराई जाएगी। पिछले साल अगस्त में ग्राम पंचायतों के गठन के बाद अब उप प्रधान के चुनाव कराए जा रहे हैं।

 

राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना जारी होते के बाद  जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) DM मनीष कुमार ने चंपावत जिले की ग्राम पंचायतों में उप प्रधान के पदों के निर्वाचन की समय-सारणी और दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

15 जुलाई को सुबह 10 बजे से 11 बजे तक नाम निर्देशन-पत्र जमा किए जाएंगे। 11 बजे से मध्यान्ह 12 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। मध्यान्ह 12 बजे से अपरान्ह 12:30 बजे नाम वापसी, 12:30 बजे से 1 बजे तक निर्वाचन चिन्हों का आवंटन कर दिया जाएगा। इस प्रक्रिया के तुरंत बाद मतदान और मतदान के बाद मतगणना की जाएगी।

विकासखंड चंपावत में 113, पाटी में 84, लोहाघाट में 67 तथा बाराकोट विकासखंड में 48 पदों के लिए ये चुनाव होगा। चुनाव की सभी प्रक्रियाएं, मतदान और मतगणना संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय में ही की जाएंगी।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.