एसएसबी की पंचम वाहिनी ने रियासी विद्यालय में चलाया नशामुक्त जागरूकता अभियान
खेल एवं चित्रकला प्रतियोगिता भी हुई
देवभूमि टुडे
चंपावत। एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) की पंचम वाहिनी ने नागरिक कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत वाइब्रेंट विलेज तरकुली में स्थित रियासी के विद्यालय में नशामुक्त जागरूकता अभियान चलाया। इस मौके पर नशे के खिलाफ जागरूकता के साथ ही खेल गतिविधियां भी हुईं। इस अवसर पर विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर सेहतमंद एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने तथा खेलों के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यवाहक कमांडेंट शिव राम के दिशा-निर्देशन में हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव बताते हुए इससे दूर रहने के खंड शिक्षाधिकारी भरत जोशी ने उपाय बताए गए। नशा मुक्त जागरूकता अभियान के माध्यम से बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों, इससे होने वाली सामाजिक एवं व्यक्तिगत नुकसान और नशे से बचाव के उपायों के संबंध में जागरूक किया गया।




इस मौके पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थानों में आने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत भी किया गया। इसके बाद नागरिक कल्याण कार्यक्रम एवं एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान के अंतर्गत छात्रों के लिए वॉलीबॉल एवं बैडमिंटन प्रतियोगिताएं भी हुईं। कार्यक्रम में तरकुली के समवाय प्रभारी उप निरीक्षक (सामान्य) जोगिंद्र पाल, खंड शिक्षाधिकारी भरत जोशी, प्रधानाचार्य प्रकाश चंद्र जोशी, राधे श्याम सिंह, संकल्प फाउंडेशन से दीपक बोरा, पीयूष तिवारी के अलावा छात्र-छात्राएं और एसएसबी के कार्मिक मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.