8 जून से 7 जुलाई के बीच घर-घर भ्रमण के दौरान गणना फार्म के साथ मतदाताओं को कोई भी दस्तावेज नही देना होगा
3 बार घर पर विजिट करेंगे BLO
”बुक ए कॉल” फीचर का उपयोग कर सकते हैं मतदाता
देवभूमि टुडे
चंपावत/देहरादून। आज 8 जून से उत्तराखंड में SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) कार्यक्रम के तहत मतदाताओं को गणना फार्म बांटने का काम शुरू हो रहा है। उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने प्रदेश के मतदाताओं से BLA (बूथ लेवल एजेंट्स) का सहयोग करने की अपील की है। बताया कि प्रदेश के सभी 11733 BLO के पास गणना फार्म पंहुचा दिए गए हैं। अभियान के तहत सभी मतदाताओं को गणना फार्म उपलब्ध कराए जाएंगे। 7 जुलाई तक एक माह के समय में BLO मतदाताओं के गणना फार्मों को BLO एप्प के जरिए डिजिटिलाइज किया जाएगा।

CEO डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने कहा कि प्रदेश के मतदाता नौकरी या अन्य पेशे से जुड़े होने के कारण दिन में घर पर उपलब्ध नहीं हैं तो वे ”बुक ए कॉल विद BLO” के फीचर से एक क्लिक पर अपने BLO के साथ कॉल बुक करा सकते हैं। इसके लिए मतदाता https://voters.eci.gov.in वेबसाइट पर विजिट करके या ECI-Net मोबाइल ऐप को डाउनलोड कर कॉल बुक करा सकते हैं। कॉल बुक कराने के बाद दो दिन के भीतर BLO मतदाता से स्वयं संपर्क करेंगे। इसके अलावा BLO के क्षेत्र भ्रमण के दौरान कोई मतदाता घर पर नहीं मिलता है, तो ऐसी स्थिति में BLO 3 बार घर पर विजिट करेंगे और BLO घर पर स्टीकर लगाकर अपने अगले विजिट की तारीख और मोबाइल नंबर लिखेंगे। मतदाताओं द्वारा BLO से संपर्क कर सुविधानुसार गणना फार्म भरा जा सकता है।
गणना फार्म के सार्थ देनी होगी एक पासपोर्ट फोटो:
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के मतदाताओं से अपना नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो गणना फार्म के साथ BLO को उपलब्ध कराने की अपील की है। आज 8 जून से 7 जुलाई के बीच घर-घर भ्रमण के दौरान गणना फार्म के साथ मतदाताओं को कोई भी दस्तावेज नही देने होंगे। 14 जुलाई को ड्राफ्ट रोल का प्रकाशन किया जाएगा। 14 जुलाई से 13 अगस्त के बीच दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इसी बीच 14 जुलाई से 11 सितंबर तक सभी नोटिस जारी कर दावे-आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। आयोग के निर्देशानुसार 15 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। मतदाता स्वयं भी ECI नेट ऐप के माध्यम से अपना गणना फार्म ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं। इसके बाद मतदाता इसे भरकर अपलोड कर सकते हैं। इस प्रक्रिया के दौरान अगर कोई भी पात्र व्यक्ति, मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाना चाहते हैं, तो वे अपने BLO से संपर्क कर फार्म 6 भर सकते हैं। जिसके बाद दावे, आपत्तियों के निस्तारण के समय उनके आवेदनों पर विचार किया जाएगा।
© 2026. All Rights Reserved.